सावन के तीसरे सोमवार पर रिवालसर के ऐतिहासिक शिव मंदिर में सजा आस्था का दरबार, शिव भक्तों ने लगाया खीर का भंडारा
सावन के तीसरे सोमवार पर रिवालसर के ऐतिहासिक शिव मंदिर में सजा आस्था का दरबार, शिव भक्तों ने लगाया खीर का भंडारा
अजय सूर्या रिवालसर : पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार को धार्मिक नगरी रिवालसर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सावन के प्रत्येक सोमवार की परंपरा को निभाते हुए बाबा लोमश ऋषि मंदिर परिसर में शिव भक्तों द्वारा श्रद्धापूर्वक खीर के भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर और पवित्र रिवालसर झील के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। शिव भक्तों ने भक्ति रस से ओत-प्रोत भजनों और कीर्तन के माध्यम से भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया, जिससे मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रेम और श्रद्धा के साथ खीर का प्रसाद वितरित किया गया। दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। आयोजन में स्थानीय लोगों और शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आयोजकों ने बताया कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार को इसी प्रकार श्रद्धा और सेवा भाव के साथ खीर के भंडारे का आयोजन किया जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें