कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने पर उतारू, झूठे मुकदमों से भाजपा को डराने का सपना कभी पूरा नहीं होगा : विपिन सिंह परमार
कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने पर उतारू, झूठे मुकदमों से भाजपा को डराने का सपना कभी पूरा नहीं होगा : विपिन सिंह परमार
पालमपुर
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने शिमला में भाजपा विधायक दल के नेतृत्व में आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन को प्रदेश की जनता के आक्रोश की बुलंद आवाज़ बताते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार सत्ता के अहंकार में पूरी तरह अंधी हो चुकी है। यह सरकार लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती, बल्कि झूठे मुकदमे दर्ज कर, राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष की आवाज़ दबाने का असफल प्रयास कर रही है। लेकिन कांग्रेस यह अच्छी तरह समझ ले कि भारतीय जनता पार्टी न कभी डरी है, न झुकी है और न ही झुकेगी। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि आज प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार का असली चेहरा देख चुकी है। सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए गए, युवाओं को लाखों नौकरियों का सपना दिखाया गया, महिलाओं को आर्थिक सहायता का भरोसा दिया गया, किसानों और बागवानों को राहत देने के दावे किए गए, कर्मचारियों को अनेक आश्वासन दिए गए, लेकिन सत्ता मिलते ही कांग्रेस सरकार ने जनता की उम्मीदों पर कुठाराघात किया। आज हालत यह है कि बेरोजगार युवा दर-दर भटक रहे हैं, किसान और बागवान अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं, महिलाएं अपने वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही हैं और प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है। अपनी इन तमाम विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस सरकार अब झूठे मुकदमों और दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को यह भ्रम हो गया है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज कराकर विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा सकता है। यह उनका सबसे बड़ा राजनीतिक भ्रम है। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है और अन्याय के सामने कभी सिर नहीं झुकाती। इतिहास गवाह है कि जब-जब सत्ता के मद में चूर सरकारों ने लोकतांत्रिक आवाज़ को कुचलने का प्रयास किया है, तब-तब जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है।
परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार आज जनविरोधी, किसान विरोधी, युवा विरोधी, महिला विरोधी और मजदूर विरोधी सरकार बन चुकी है। विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, सरकारी संस्थानों की स्थिति बदहाल है, प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और सरकार के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता रोज़ नए-नए राजनीतिक हथकंडे अपनाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन हिमाचल की जागरूक जनता अब उनके झूठ, छल और राजनीतिक षड्यंत्र को पूरी तरह पहचान चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल के नेतृत्व में आयोजित यह विशाल धरना केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की उस जनता का आंदोलन है जो लोकतंत्र को बचाना चाहती है। यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या दल का नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं, संविधान की भावना और जनता के सम्मान की रक्षा का संघर्ष है। यदि कांग्रेस सरकार यह समझती है कि पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करके विरोध की आवाज़ को दबा देगी, तो उसे यह भ्रम तुरंत छोड़ देना चाहिए।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री को सत्ता के अहंकार से बाहर निकलकर प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए कि चुनाव से पहले किए गए वादों का क्या हुआ? युवाओं को रोजगार कब मिलेगा? महिलाओं से किए गए वादे कब पूरे होंगे? किसानों और बागवानों को राहत कब मिलेगी? प्रदेश की आर्थिक बदहाली का जिम्मेदार कौन है? इन सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस सरकार राजनीतिक प्रतिशोध में व्यस्त है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करेगा। झूठे मुकदमे, राजनीतिक धमकियां और प्रशासनिक दबाव भाजपा के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। कांग्रेस सरकार जितना दमन करेगी, जनता का आक्रोश उतना ही प्रचंड होगा और भाजपा का आंदोलन उतना ही व्यापक बनेगा।
विपिन सिंह परमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार तुरंत राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति बंद करे, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे वापस ले तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करे। यदि सरकार अपनी तानाशाही और दमनकारी नीतियों से बाज नहीं आई तो भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में गांव-गांव, मंडल-मंडल और जिला-जिला जनआंदोलन खड़ा करेगी, जिसका जवाब प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी। सत्ता का अहंकार हमेशा स्थायी नहीं रहता, लेकिन जनता का जनादेश हमेशा सर्वोपरि होता है, और हिमाचल की जनता उचित समय पर कांग्रेस सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें