भरमाड़–सिद्धपुर घाड़ मार्ग स्थित रुलकुल माता मंदिर में देर रात सेंधमारी, सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी !
भरमाड़–सिद्धपुर घाड़ मार्ग स्थित रुलकुल माता मंदिर में देर रात सेंधमारी, सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी !
भरमाड़–सिद्धपुर घाड़ संपर्क मार्ग पर बिजली पावर हाउस कालानाल के पास स्थित रुलकुल माता मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। बीती देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में सेंधमारी कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित दान पात्र से नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में रोष और चिंता का माहौल है।
मंदिर की सेविका शांति देवी ने बताया कि मंदिर उनके घर से लगभग 500 मीटर दूरी पर स्थित है और वह प्रतिदिन सुबह-शाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम वह रोजाना की तरह मंदिर बंद करके घर लौट गई थीं।
शनिवार सुबह जब वह पूजा के लिए मंदिर पहुंचीं तो मंदिर का कैंची गेट खुला हुआ देखकर हैरान रह गईं। अंदर जाकर देखा तो माता को पहनाई गई दो सोने की नथें, दस जोड़े चांदी की पैरीयाँ, माता पर चढ़ाए गए तीन चांदी के छत्र, दो जोड़ी चांदी के बिछुए तथा दान पात्र में रखे लगभग पांच हजार रुपये गायब थे।
लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में भरमाड़ पंचायत, मैरा पंचायत और सिद्धपुर-घाड़ पंचायत क्षेत्र के कई मंदिर चोरों के निशाने पर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
घटना की सूचना तुरंत ज्वाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाया जा सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें