नूरपुर के चौगान क्षेत्र में बरसात ने बढ़ाई परेशानी, नाले का पानी सड़क पर आने से कीचड़ की समस्या
नूरपुर के चौगान क्षेत्र में बरसात ने बढ़ाई परेशानी, नाले का पानी सड़क पर आने से कीचड़ की समस्या
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर नगर परिषद के चौगान क्षेत्र, वार्ड नंबर-1 में बरसात के दौरान सड़क पर नाले का पानी और कीचड़ आने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले का पानी सड़क तक पहुंचने के कारण राजमार्ग पर मिट्टी और कीचड़ की परत जम जाती है। इससे यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और कारोबारियों को भी परेशानी होती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह स्थिति जोखिमपूर्ण बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क की मिट्टी नाले में जाने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई है। वहीं, नाले पर कथित अतिक्रमण को भी पानी की निकासी में रुकावट का एक कारण बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से पहले भी लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन बरसात के दौरान समस्या दोबारा सामने आ जाती है।
कुछ दिन पहले नगर परिषद की एक पार्षद ने इस समस्या की जानकारी नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का को भी दी थी। बताया गया कि विधायक ने मौके का निरीक्षण करने का भरोसा दिया था, लेकिन क्षेत्रवासियों के अनुसार अभी तक मौके का निरीक्षण नहीं हुआ है। अब स्थानीय लोग उनके मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेने का इंतजार कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों और कारोबारियों ने नगर परिषद के प्रशासनिक अधिकारी एवं नूरपुर एसडीएम अरुण शर्मा से मांग की है कि ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे नाले का पानी सड़क पर न आए और लोगों को बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
इस मामले में एसडीएम अरुण शर्मा ने कहा कि नाले के पानी के बहाव में रुकावट के कारण सड़क पर पानी पहुंचने की स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की एसडीओ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान जनता के सहयोग से धरातल पर तुरंत करने के लिए कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नाले पर अवैध कब्जे के संबंध में रिकॉर्ड के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद चौगान क्षेत्र में बरसात के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ आने की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें