पिछेती किस्म 'मलका' आम बना किसानों की नई उम्मीद, एक-एक फल का वजन पहुंचा 1.10 किलोग्राम तक
पिछेती किस्म 'मलका' आम बना किसानों की नई उम्मीद, एक-एक फल का वजन पहुंचा 1.10 किलोग्राम तक
(नूरपुर:-विनय महाजन)
प्रदेश के विकास खंड नूरपुर की ग्राम पंचायत छतरोली के प्रगतिशील बागवान एवं शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक केवल कृष्ण ने आम की पिछेती किस्म 'मलका' की उत्कृष्ट पैदावार कर क्षेत्र के बागवानों के लिए एक नई मिसाल पेश की है। उनका मानना है कि यदि किसान पारंपरिक किस्मों के साथ-साथ मलका जैसी पिछेती किस्मों की बागवानी अपनाएं, तो यह उनकी आय बढ़ाने में बेहद लाभदायक साबित हो सकती है।केवल कृष्ण के बगीचे में तैयार हुए मलका किस्म के आम आकार और वजन दोनों में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उनके अनुसार पेड़ों से तोड़े गए आमों का वजन 1.05 किलोग्राम से लेकर 1.10 किलोग्राम तक दर्ज किया गया है, जो सामान्य आमों की तुलना में काफी अधिक है।बाजार में भी इस किस्म की अच्छी मांग देखने को मिल रही है। सब्जी मंडी जसूर में मलका आम 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से हाथोंहाथ बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत 80 से 90 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है।केवल कृष्ण ने बताया कि उनके बगीचे में मलका किस्म के पेड़ों पर इस समय भरपूर फल लगा हुआ है। इस किस्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह दशहरी आम के लगभग एक माह बाद, यानी मध्य अगस्त में तैयार होती है। उस समय तक बाजार में अधिकांश अग्रिम किस्मों का सीजन समाप्त हो चुका होता है, जिससे मलका आम की मांग और कीमत दोनों बढ़ जाती हैं। कांगड़ा जिला के निचले क्षेत्रउपमंडल नूरपुर, इंदौरा, ज्वाली और फतेहपुर क्षेत्र जिला कांगड़ा में आम उत्पादन के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं। यहां लंबे समय से दशहरी किस्म का वर्चस्व रहा है, लेकिन अब किसान धीरे-धीरे पिछेती किस्मों की ओर भी रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मलका जैसी किस्में किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।प्रगतिशील बागवान केवल कृष्ण का यह प्रयास क्षेत्र के अन्य किसानों और बागवानों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही किस्म का चयन, वैज्ञानिक तरीके से बागवानी और बाजार की मांग को ध्यान में रखकर खेती करने से बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें