किसान सभा ने जनसमस्याओं के समाधान को मुख्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र
किसान सभा ने जनसमस्याओं के समाधान को मुख्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र
सुंदरनगर, । हिमाचल किसान सभा सुंदरनगर इकाई ने किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एसडीएम सुंदरनगर अमर सिंह नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को मांगपत्र सौंपा। किसान सभा के जगमेल ठाकुर के नेतृत्व में सौंपे गए मांगपत्र में रोजगार, कृषि, दुग्ध खरीद, सड़क, खाद, आवारा पशुओं, बिजली मीटर तथा नशे जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
सभा के सचिव रामजी दास ने बताया कि मांगपत्र में ग्रामीण रोजगार योजना को स्थानीय फसल चक्र के अनुरूप लागू करने, किसानों को समय पर उचित दरों पर खाद उपलब्ध करवाने तथा मक्की की फसल में फैल रही फॉल आर्मीवर्म की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है। दुग्ध उत्पादकों को नियमित भुगतान तथा चक्कर दुग्ध शीतकरण केंद्र एवं डेयरी प्लांट की क्षमता बढ़ाने की मांग भी रखी गई।
जिला उपाध्यक्ष जोगिंदर वालिया ने कनैड स्कूल के पास प्रस्तावित अंडरपास का शीघ्र निर्माण, नोलखा-भौर मार्ग पर सर्विस रोड व पक्की नालियों, सुंदरनगर-कपाही सड़क को फोरलेन से जोड़ने तथा जर्जर संपर्क सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने की मांग करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
किसान सभा ने सुंदरनगर में गोसदन स्थापित करने तथा चिट्टा व अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक जन-अभियान चलाने की भी मांग की। सभा ने चेतावनी दी कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों और आम जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर रामजी दास, जगमेल ठाकुर, जोगिंदर वालिया, रोशन लाल, हेम राज, श्याम लाल, गोपाल, राजकुमार वर्मा, सुरेंद्र सेन सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें