हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में बैरागढ़- तीसा- चम्बा मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है
हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में बैरागढ़- तीसा- चम्बा मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। आज सुबह लगभग 7 बजे देवीकोठी के समीप चलुंज मोड़ के पास निजी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में चालक व परिचालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। यह हादसा इतना भीषण था कि बस के चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अब तक कुल 7 लोगों की जान जा चुकी है। इस दुर्घटना में 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी 11 घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 6 लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चम्बा रेफर कर दिया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गांव बाहला डाकघर देवीकोठी के रहने वाले जगदेव पुत्र धर्म सिंह, हरदेई पत्नी जगदेव, देसराज पुत्र त्रिलोचन, जगदेई पुत्री हरिलाल तथा गांव चिल्ली डाकघर थल्ली के रहने वाले रूप सिंह पुत्र राधाराम, गांव सत्यास डाकघर तरेला के रहने वाले तेज सिंह पुत्र प्यारेलाल और गांव व डाकघर देवीकोठी की नीलमा पत्नी मोती सिंह के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और जिला प्रशासन स्थिति पर निरंतर नज़र बनाए हुए है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें