लंज में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की आभार रैली, विधायक केवल सिंह पठानिया का जोरदार स्वागत
लंज में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की आभार रैली, विधायक केवल सिंह पठानिया का जोरदार स्वागत
शाहपुर : जनक पटियाल
लंज। चंगर क्षेत्र में बीते साढ़े तीन वर्षों के दौरान हुए विभिन्न विकास कार्यों को लेकर लंज में चंगर कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस द्वारा विशेष कार्यक्रम और आभार रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक श्री केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
लंज प्रवास पर पहुंचे विधायक केवल सिंह पठानिया का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं तथा ढोल की थाप के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लंज से रेस्ट हाउस तक आभार रैली निकालकर प्रदेश सरकार तथा विधायक का क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लंज महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का विस्तार करने तथा क्षेत्र में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही चंगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की
प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान लंज क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंज को सीबीएसई से संबद्ध करवाना, क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा खुलवाना, तथा सीएससी भवन के निर्माण कार्य को गति देना सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय लंज में बीबीए, बीसीए और पीजीडीसीए सहित व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना भी की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार चंगर क्षेत्र को विकास का नया केंद्र बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा दी है और लंज सहित पूरे चंगर क्षेत्र में विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेसपदाधिकारियों, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और मांगें भी रखीं, जिन पर विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें