आईआईटी मंडी के प्रोफेसर गौतम आर. देसिराजू को 14वें एवॉल्ड पुरस्कार से सम्मान
आईआईटी मंडी के प्रोफेसर गौतम आर. देसिराजू को 14वें एवॉल्ड पुरस्कार से सम्मान
अजय सूर्या मंडी, 12 अगस्त। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के विशिष्ट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर एमेरिटस गौतम आर. देसिराजू को अंतरराष्ट्रीय क्रिस्टलोग्राफी संघ की ओर से 14वें एवॉल्ड पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें क्रिस्टल इंजीनियरिंग, सुप्रामॉलिक्यूलर सिंथॉन तथा कमजोर हाइड्रोजन और हैलोजन बंधनों के क्षेत्र में अग्रणी योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मान मिला है।
11 अगस्त को कनाडा के कैलगरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्रिस्टलोग्राफी संघ की कांग्रेस में उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार प्रत्येक तीन वर्ष में क्रिस्टलोग्राफी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है।
आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने प्रो. देसिराजू को बधाई देते हुए कहा कि उनका शोध क्रिस्टल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नई दिशा देने के साथ औषधि और उन्नत पदार्थों के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलता है।
प्रो. देसिराजू के नाम 475 से अधिक शोध प्रकाशन और 80,000 से अधिक उद्धरण हैं। उन्होंने 2011 से 2014 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिस्टलोग्राफी संघ के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। एवॉल्ड पुरस्कार उनके लंबे वैज्ञानिक योगदान को मिली महत्वपूर्ण वैश्विक मान्यता है।
फोटो कैप्शन - आईआईटी मंडी में प्रोफेसर गौतम आर. देसीराजू को 14वां एवॉल्ड पुरस्कार से सम्मानित करते हुए

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें