अटल इंडोर स्टेडियम नूरपुर में लगेंगे दो नए बैडमिंटन मैट, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने स्वीकृत की 3.70 लाख रुपये की राशि
अटल इंडोर स्टेडियम नूरपुर में लगेंगे दो नए बैडमिंटन मैट, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने स्वीकृत की 3.70 लाख रुपये की राशि
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर। नूरपुर क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अटल इंडोर स्टेडियम नूरपुर में जल्द ही दो नए बैडमिंटन मैट स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने एमपीएलएडी योजना के तहत 3.70 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
यह जानकारी श्री बृज राज स्पोर्ट्स क्लब नूरपुर (पंजीकृत) के सचिव ईशान महाजन ने प्रेस नोट के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष क्लब द्वारा आयोजित नूरपुर बैडमिंटन कार्निवाल के दौरान क्लब के सदस्यों ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के समक्ष अटल इंडोर स्टेडियम में दो नए बैडमिंटन मैट लगाने की मांग रखी थी।
महाजन के अनुसार, उस दौरान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद ने खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया था। हाल ही में क्लब के सदस्यों ने सांसद से उनके निवास स्थान पर मुलाकात कर इस कार्य को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया था।
उन्होंने बताया कि सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए एमपीएलएडी योजना के अंतर्गत 3.70 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है और इसकी आधिकारिक स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। सांसद के सौजन्य से जल्द ही अटल इंडोर स्टेडियम नूरपुर में दो नए बैडमिंटन मैट स्थापित किए जाएंगे।
क्लब सचिव ने कहा कि नए मैट स्थापित होने से नूरपुर क्षेत्र के खिलाड़ियों, विशेषकर युवा प्रतिभाओं को बेहतर अभ्यास सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी।
ईशान महाजन ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से नूरपुर में खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि मैट स्थापित होने के बाद श्री बृज राज स्पोर्ट्स क्लब नूरपुर की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज द्वारा इनका शुभारंभ करवाया जाएगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें