NEET में सफल शिमला के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान, YWCA माल रोड में हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह
NEET में सफल शिमला के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान, YWCA माल रोड में हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह
शिमला : गायत्री गर्ग /
सखी सहेली समूह द्वारा शिमला जिला से NEET परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में YWCA, माल रोड शिमला में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बृज सूद, अनीता सूद, मंजू सूद, श्वेता चौहान और कालपी शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट और भाजपा जिला शिमला अध्यक्ष केशव चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत किया और NEET में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पार्थ पंडित, संचित छतवाल, वंशिका शर्मा, हर्ष, गार्गी, सातव्य सूद, दीक्षा शर्मा, आरुषि कश्यप, नव्या कश्यप, रवीना चौधरी, सनविक चौहान, दैविक वर्मा, लविश श्रीवास्तव, प्रद्युम्न कौशल और शव्य को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि NEET जैसी कठिन एवं प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों के त्याग, मार्गदर्शन एवं सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा का बड़ा दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के साथ करुणा, संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सुरेश भारद्वाज ने परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर जोर देते हुए कहा कि पेपर लीक और परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत कठोर कानूनी प्रावधान किए हैं।
उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति हमेशा परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की वाहक रही है। शहीद भगत सिंह जैसे युवाओं ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर आने वाली पीढ़ियों के सामने आदर्श स्थापित किया। आज के युवाओं के सामने भी अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर देश को आगे ले जाने का अवसर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं के साथ संवाद और उनके विचारों, आकांक्षाओं एवं नवाचार को दिए जा रहे महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप, कौशल विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि NEET में सफलता इन विद्यार्थियों के लिए मंजिल नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। आने वाले समय में यही विद्यार्थी चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और आयोजकों ने भी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिमला के युवाओं की यह उपलब्धि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा देती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें