नेरचौक के कन्सा ग्राउंड में तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम शुरू
नेरचौक के कन्सा ग्राउंड में तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम शुरू
बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी रहे मुख्य अतिथि, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े लोग
अजय सूर्या नेरचौक /10 अगस्त। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा प्रदेश के विभिन्न विभागों की ओर से कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम सोमवार को नेरचौक के कन्सा ग्राउंड में शुरू हुआ। कार्यक्रम 10 से 12 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विशेष रूप से मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण, जल एवं स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा एवं कौशल विकास तथा महिला एवं बाल विकास विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी लोगों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं।
इस अवसर पर बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना आवश्यक है। ऐसे संवाद कार्यक्रमों से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलती है और उनकी समस्याओं का समाधान करने में भी मदद मिलती है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और लाभार्थियों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी, बल्ह, जिला मंडी की ओर से किया जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें