नशामुक्ति की ओर एक और कदम, कुम्मी स्कूल में युवाओं से संवाद
नशामुक्ति की ओर एक और कदम, कुम्मी स्कूल में युवाओं से संवाद
नेरचौक : अजय सूर्या /
नशामुक्ति अभियान के तहत रेड जोन पंचायत कुम्मी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुम्मी में एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी की अध्यक्षता में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उनके भविष्य को सही दिशा देना रहा।
इस दौरान विद्यार्थियों को खेल, योग एवं करियर ओरिएंटेशन जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम ने युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सदुपयोग करते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे हासिल करने के लिए अनुशासन एवं निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे एवं अन्य भटकाव से दूर रखने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। अभिभावकों और स्थानीय प्रतिनिधियों से भी युवाओं के मार्गदर्शन एवं सहयोग में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
संदेश स्पष्ट रहा—युवा शक्ति को सही दिशा, नशे से दूरी और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ाना ही सामूहिक जिम्मेदारी है।
फोटो कैप्शन - नशा मुक्ति के दौरान कुम्मी स्कूल के बच्चों से संवाद करती एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें