फ्री थिंकर्स क्लब द्वारा संचालित लाइब्रेरीऔर वहां विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं को लेकर डीसी कांगड़ा खुश हुए
फ्री थिंकर्स क्लब द्वारा संचालित लाइब्रेरीऔर वहां विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं को लेकर डीसी कांगड़ा खुश हुए
नूरपुर : विनय महाजन /
जिला काँगड़ा के जिलाधीश हेमराज बैरवा ने नूरपुर दौरे के दौरान पिछले दिनों फ्री थिंकर्स क्लब द्वारा संचालित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और वहां विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों को बेहतर शिक्षण एवं अध्ययन वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। डीसी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पुस्तकालयों की अहम भूमिका है। पुस्तकें और अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान तथा विभिन्न विषयों की जानकारी हासिल करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने क्लब पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी में बेहतर पुस्तकों, मैगजीन तथा अन्य उपयोगी अध्ययन सामग्री का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल परीक्षाओं की तैयारी तक सीमित न रहकर नियमित रूप से पढ़ने, नई चीजें सीखने और अपनी सोच को व्यापक बनाने पर भी ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का ध्यान पुस्तक,जिम व खेलों की ओर आकर्षित करने सबसे जरूरी काम है, प्रशासन इस ओर व्यापक कदम उठा रहा है ताकि युवा पीढ़ी को नशों से दूर रखा जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए उपायुक्त ने लाइब्रेरी में तीन एयर कंडीशनर उपलब्ध करवाने का आश्वासन के साथ साथ धरातल पर लगाने के लिए निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के लिए सुविधाजनक और अनुकूल वातावरण मिलना जरूरी है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
इस अवसर पर फ्री थिंकर्स क्लब के प्रधान डॉ. विपिन महाजन ने उपायुक्त हेमराज बैरवा का स्वागत किया तथा क्लब की विभिन्न गतिविधियों और लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। क्लब ने इस मौके पर उपायुक्त को सम्मानित किया। क्लब पदाधिकारियों ने छात्रों की सुविधा को लेकर उपायुक्त द्वारा दिए गए सुझावों और सहयोग के आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए क्लब भविष्य में भी निरंतर प्रयास करता रहेगा। इस मौके पर एडिशनल एसपी चंद वर्मा, नूरपुर के एसडीएम अरूण शर्मा व इंदौरा के एसडीएम डॉ.सुरेंद्र ठाकुर सहित क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें