नूरपुर में कांग्रेस ने कसी कमर: विधानसभा क्षेत्र 9 जोन में बंटा, भलेटा में हुई पहली बैठक
नूरपुर में कांग्रेस ने कसी कमर: विधानसभा क्षेत्र 9 जोन में बंटा, भलेटा में हुई पहली बैठक
विधानसभा क्षेत्र नूरपुर में कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद संगठन को सक्रिय करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को नौ जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
रविवार को भलेटा जोन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
अजय महाजन ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पार्टी को मजबूती नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि नूरपुर में कांग्रेस को संगठित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को नौ जोन में बांटा गया है। सभी जोन में चरणबद्ध तरीके से बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
बैठक में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को और तेज करने पर भी अपने सुझाव रखे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदेश डढ़वाल व भलेटा जोन के कांग्रेस अध्यक्ष रणजोध चिव भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें