कोटला में सड़क और सुरक्षा दीवारों की गुणवत्ता पर सवाल, तकनीकी जांच की मांग
कोटला में सड़क और सुरक्षा दीवारों की गुणवत्ता पर सवाल, तकनीकी जांच की मांग
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर के कोटला क्षेत्र में एनएचएआई द्वारा निर्मित सड़कों और सुरक्षा दीवारों की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क और सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन यदि निर्माण कार्य में खामियां रह गईं तो यही व्यवस्था लोगों के लिए खतरा बन सकती है। क्षेत्रवासियों के अनुसार कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि सड़क निर्माण और सुरक्षा दीवारों की गुणवत्ता की निगरानी किस स्तर पर की गई? क्या संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और क्या निर्माण सामग्री व कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच की गई? साथ ही, क्या निर्माण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया?
लोगों का कहना है कि यदि किसी स्थान पर कमजोर सुरक्षा दीवार या सड़क का कोई हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिरता है तो इसकी चपेट में वाहन और आम लोग आ सकते हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते निर्माण कार्य की जांच करवाना जरूरी है।
क्षेत्रवासियों ने उपायुक्त धर्मशाला और संबंधित एनएचएआई अधिकारियों से मांग की है कि कोटला क्षेत्र में किए गए सड़क एवं सुरक्षा दीवारों के निर्माण की तुरंत तकनीकी जांच और गुणवत्ता परीक्षण करवाया जाए। जहां भी निर्माण कार्य में खामियां पाई जाएं, वहां जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क विकास के नाम पर पैसा खर्च करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क और उससे जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत और सुरक्षित होना भी जरूरी है।
क्षेत्रवासियों ने पहाड़ी क्षेत्रों में फोरलेन निर्माण को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा पूर्व में व्यक्त की गई चिंताओं का भी हवाला दिया। उनका कहना है कि पहाड़ी राज्यों में सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और सुरक्षा पहलुओं को गंभीरता से ध्यान में रखा जाना चाहिए। लोगों ने मांग की है कि कोटला क्षेत्र में निर्माण कार्यों की निष्पक्ष तकनीकी जांच करवाकर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें