पूर्व विधायक अजय महाजन ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
पूर्व विधायक अजय महाजन ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर वन मंडल के नूरपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरचाल में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय महाजन ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ राष्ट्रव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने अपनी माता के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए अर्जुन का पौधा लगाया और ग्रामीणों व युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय महाजन ने कहा कि मां हमें जीवन देती है और प्रकृति हमारा पोषण करती है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां और धरती मां दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी संतान की तरह निभानी चाहिए।
अजय महाजन ने बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जंगलों और हरियाली का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने पंचायतवासियों और युवाओं से मानसून के मौसम में बढ़-चढ़कर पौधारोपण अभियानों में भाग लेने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को हराभरा बनाने के साथ-साथ युवाओं और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली, अतिरिक्त वन मंडल अधिकारी नूरपुर निशांत पराशर, वन परिक्षेत्र अधिकारी नूरपुर जगजीत चावला, वन खंड अधिकारी सदवां, ग्राम पंचायत गुरचाल के प्रधान व उपप्रधान, पूर्व जिला परिषद सदस्य, पंचायत के गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय निवासी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही पंचायत क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देने का भी प्रण लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें