ठेहड़ में देशभक्ति के रंग मे रंगा 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

 ठेहड़ में देशभक्ति के रंग मे रंगा 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 

ठेहड़ में देशभक्ति के साथ गूंजा नशामुक्ति का संदेश


जिला पार्षद मीना राणा, प्रधान रविन्द्र कुमार व उपप्रधान मनजीत सिंह राणा ने ग्रामीणों से किया आह्वान—नशे को हल्के में न लें, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

शाहपुर : जनक पाटियाल /

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठेहड़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ मनाया गया। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद पूर्व सैनिकों को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान के साथ देश के वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।



इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीना राणा, पंचायत प्रधान रविन्द्र कुमार तथा उपप्रधान मनजीत सिंह राणा ने युवाओं के साथ-साथ समस्त गांववासियों से नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।



जिला परिषद मीना राणा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उसे नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना परिवार, पंचायत और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।



पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ दी गई इस अपील को कोई भी व्यक्ति हल्के में न ले। गांव को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर प्रयास करना होगा। यदि कोई व्यक्ति नशे से जुड़ी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेलकूद, शिक्षा, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है।



उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें, उनके साथ मित्रवत संवाद बनाए रखें और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। वहीं युवाओं से अपील की गई कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल करते हुए खेलकूद और सामाजिक कार्यों में भाग लें तथा अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें।



समारोह में मौजूद पूर्व सैनिकों ने भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया।



ठेहड़ में आयोजित 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के साथ-साथ नशामुक्त समाज, सामाजिक जागरूकता, युवा शक्ति और आपसी भाईचारे का मजबूत संदेश देकर यादगार बन गया। समारोह से ग्रामीणों में यह भावना भी मजबूत हुई कि यदि पूरा समाज एकजुट होकर अपनी युवा पीढ़ी को सही दिशा दे, तो गांव से लेकर राष्ट्र तक का भविष्य और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

10वीं ,12वीं ,ग्रेजुएट इच्छुक आवेदक करें आवेदन

सरकार बदलते ही सरकारी स्कूलों में बैग आबंटन पर रोक लगा दी

नशीले पदार्थों पर टैक्स में वृद्धि करने की मांग को लेकर उपायुक्त चम्बा डीसी राणा के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया

कांगड़ा में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कल सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कांगड़ा जिला में कल बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज

90-90 मीटर के छक्के लगा रहे वैभव सूर्यवंशी, लगा ये सनसनीखेज आरोप

हरसर देहरी की लड़की ने हाड़ा में खुद की वीडियो पर लिया यूं टर्न,कहा डिप्रेशन में बनाई थी वीडियो

चंबा में सदवां के ट्रैक्टर मैकेनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी में लगी आग

भारी बारिश के बीच हिमाचल में उच्च शिक्षा संस्थान बंद, ऑनलाइन कक्षाओं पर जोर