जाच्छ में बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार प्रवासी युवक की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
जाच्छ में बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार प्रवासी युवक की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट-मंडी पर जाच्छ में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार प्रवासी युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब फोरलेन निर्माण के चलते मार्ग को सिंगल लेन किया गया था। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव कुमार (22), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गोलू मोहल्ला, वार्ड नंबर-5, नूरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव कुमार स्कूटी नंबर एचपी-38एच-8922 पर सवार होकर नूरपुर से जसूर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जसूर से नूरपुर की ओर आ रही निजी बस नंबर एचपी-38जे-9339 से जाच्छ के समीप उसकी टक्कर हो गई।
बरसात के मौसम के बीच फोरलेन निर्माण के कारण सड़क के सिंगल लेन होने से यहां यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना यातायात पुलिस नूरपुर को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में स्कूटी चालक की मौत हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नूरपुर थाना में धारा 281 और 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, नूरपुर नगर परिषद की पार्षद रंजना शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और क्षेत्र में इस तरह के कई हादसे पहले भी हो चुके हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
रंजना शर्मा ने कहा कि इस हादसे से एक प्रवासी परिवार ने अपना युवा सदस्य खो दिया है। उन्होंने पोस्टमार्टम के दौरान अपने पति एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा के साथ अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र ने वाहन चालकों से अपील की है कि बरसात के मौसम और निर्माणाधीन सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि वाहन की गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। थोड़ी सी लापरवाही किसी व्यक्ति के जीवन पर भारी पड़ सकती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें