बालीचौकी में नव निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित
बालीचौकी में नव निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित
मंडी : अजय सूर्या /
सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी मंडल में पंचायती राज संस्थाओं के नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण जमीनी इकाइयां हैं। गांव के स्तर पर जनता से सीधे जुड़ी इन संस्थाओं की भूमिका क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान में अहम होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने-अपने क्षेत्रों की जनता की सेवा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दें।
पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार की चुनाव करवाने की मंशा शुरू से स्पष्ट नहीं थी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता की आवाज के लिए भाजपा ने लंबी लड़ाई लड़ी और अंततः सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रदेश सरकार को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने पड़े।
उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सामने अब अपने क्षेत्रों की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है। गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनका समाधान करवाने के लिए प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी प्रतिनिधि पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के विकास एवं जनसेवा के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाना ही जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा दायित्व है।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें