युवक ने रचा खुद के अपहरण का नाटक, 5 लाख की फिरौती मांगते हुए पुलिस ने दबोचा
उत्तर प्रदेश के युवक ने रचा खुद के अपहरण का नाटक, 5 लाख की फिरौती मांगते हुए पुलिस ने दबोचा
पुणे / बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के एक 19 वर्षीय युवक द्वारा महाराष्ट्र के पुणे में खुद के अपहरण का फर्जी नाटक रचे जाने का मामला सामने आया है। परिवार से 5 लाख रुपये की फिरौती ऐंठने के लिए रचे गए इस षड्यंत्र का पुणे और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुछ ही घंटों में पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी को पुणे के एक लॉज से सुरक्षित हिरासत में ले लिया है।
आर्थिक तंगी के चलते बनाया प्लान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ओम प्रकाश गौरीशंकर कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में पुणे आया था, लेकिन उसके पास कोई पक्की नौकरी नहीं थी। वह लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और लगातार अपने घर पर पैसे मांग रहा था। जब तंगी दूर नहीं हुई, तो उसने शॉर्टकट अपनाते हुए खुद के अपहरण की झूठी साजिश रच डाली।
रोते हुए वीडियो भेजकर परिवार को डराया
अपनी योजना को अंजाम देने के लिए ओम प्रकाश ने उत्तर प्रदेश में रह रहे अपने परिवार से संपर्क किया और दावा किया कि पुणे में उसका अपहरण कर लिया गया है। कहानी को पूरी तरह सच साबित करने के लिए उसने फूट-फूटकर रोते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड करके परिजनों को भेजा। उसने धमकी दी कि अपहरणकर्ता उसे तभी छोड़ेंगे जब 5 लाख रुपये की फिरौती दी जाएगी
पुलिस की मुस्तैदी से खुला राज
बेटे का रोता हुआ वीडियो और फिरौती की मांग सुनकर घबराए परिजनों ने तुरंत उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर मामले की शिकायत दर्ज कराई। गंभीरता को देखते हुए यूपी पुलिस ने बिना देर किए पुणे पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुणे पुलिस ने तकनीकी मदद और मोबाइल नंबर को ट्रैक करते हुए खड़की इलाके के क्राउन प्लाजा लॉजिंग का पता लगाया। जब पुलिस ने मौके पर छापा मारा, तो वहां कोई अपहरणकर्ता मौजूद नहीं था, बल्कि ओम प्रकाश खुद कमरे में सुरक्षित बैठा मिला। पूछताछ के दौरान उसने कबूल कर लिया कि उसने पैसों के लिए खुद ही अपहरण का यह नाटक रचा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें