राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में विशेष व्याख्यान, विद्यार्थियों को आतिथ्य क्षेत्र में करियर के दिए व्यावहारिक मंत्र
राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में विशेष व्याख्यान, विद्यार्थियों को आतिथ्य क्षेत्र में करियर के दिए व्यावहारिक मंत्र
नूरपुर : विनय महाजन /
राजकीय आर्य महाविद्यालय, नूरपुर के बी.वोक. (आतिथ्य एवं पर्यटन प्रबंधन) विभाग में एडुब्रिज लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली, आवश्यक कौशल और भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों से परिचित करवाना रहा।
कार्यक्रम में होटल बेस्ट वेस्टर्न प्लस, जालंधर के जनरल मैनेजर यशवंत सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने व्यापक औद्योगिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए होटल इंडस्ट्री में सफल करियर बनाने के लिए आवश्यक कौशल, कार्यशैली और प्रोफेशनल व्यवहार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
यशवंत सिंह ने लीडरशिप, टीम मैनेजमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स, अतिथि संतुष्टि, प्रोफेशनल ग्रूमिंग और कार्यस्थल पर अनुशासन के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आतिथ्य उद्योग में तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ अच्छा व्यवहार, आत्मविश्वास और अतिथियों के साथ प्रभावी संवाद करने की क्षमता भी सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने और होटल एवं पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय करियर अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने होटल के विभिन्न विभागों में रोजगार की संभावनाओं और एक सफल प्रोफेशनल बनने के लिए आवश्यक दृष्टिकोण के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल ठाकुर ने कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों के साथ विद्यार्थियों का सीधा संवाद उन्हें कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर वास्तविक कार्यक्षेत्र को समझने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर करियर विकल्प चुनने में भी मददगार साबित होते हैं।
व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने होटल इंडस्ट्री में करियर, विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर, नेतृत्व क्षमता, उद्योग की अपेक्षाओं और प्रोफेशनल विकास से जुड़े सवाल पूछे। यशवंत सिंह ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उन्हें व्यावहारिक सुझाव दिए।
इस अवसर पर विभाग के नोडल अधिकारी प्रो. मंजीत सिंह, व्यावसायिक प्रशिक्षक विजेंदर सिंह, पंकज, शम्मी कुमार सहित विभाग के छात्र-छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें