एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रिवालसर में जागरूकता रैली, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रिवालसर में जागरूकता रैली, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अजय सूर्या रिवालसर 27 अगस्त । राजकीय डिग्री कॉलेज रिवालसर ने वन विभाग के फॉरेस्ट ब्लॉक रिवालसर के सहयोग से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सुका रियूर क्षेत्र में जागरूकता रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण तथा पेड़ों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों, रेंजर्स एवं रोवर्स तथा ईको क्लब के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और पेड़ों की नियमित देखभाल का संदेश आमजन तक पहुंचाया। इसके बाद सुका रियूर क्षेत्र में पौधरोपण किया गया तथा स्थानीय लोगों से लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल में सहयोग देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ब्रज नंदन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एनएसएस प्रभारी प्रो. रमणीक शर्मा, रेंजर लीडर प्रो. अंजली परमार, रोवर स्काउट लीडर डॉ. कुलदीप कुमार, ईको क्लब नोडल ऑफिसर प्रो. सूरज मणि, प्रो. मेहर चंद, प्रो. महेंद्र सिंह, प्रो. यशपाल, वन रक्षक श्याम लाल सहित सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से राजकीय डिग्री कॉलेज रिवालसर ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में सार्थक पहल की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें