सिद्धपुर-घाड़ में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, रसोई की ग्रिल तोड़कर घुसे चोर
सिद्धपुर-घाड़ में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, रसोई की ग्रिल तोड़कर घुसे चोर
अलमारियों और बेडों को खंगालकर सामान बिखेरा, खेतों में मिला परिवार के सदस्यों के दस्तावेजों से भरा बैग
भरमाड़ : राजेश कतनौरिया /
पुलिस थाना ज्वाली के तहत ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ के वार्ड नंबर 7 में एक बंद मकान में चोरी का मामला सामने आया है।
चोरों ने मकान की रसोई की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर अलमारियों व बेडों को खंगालते हुए सामान बिखेर दिया। घटना का पता उस समय चला जब राम कुमार शर्मा खेतों की ओर गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, राम कुमार शर्मा ने बताया कि उनके परिवार में भतीजी की शादी होने के चलते घर में गीत-संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के सभी सदस्य भतीजी के घर गए हुए थे। इसी दौरान गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जब वह खेतों की तरफ गए तो उन्हें वहां एक काला बैग मिला। बैग खोलकर देखने पर उसमें उनके भाई राजेश कुमार के परिवार के सदस्यों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, एटीएम कार्ड, पेटीएम से संबंधित सामग्री और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले।
इसके बाद उन्होंने घर आकर अपने भाइयों को इसकी जानकारी दी। जब सभी ने मकान में जाकर देखा तो रसोई की ग्रिल टूटी हुई थी और चोर इसी रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए थे। चोरों ने गोदरेज की अलमारियों और बेडों को खोलकर सामान की तलाशी ली थी। पूरे मकान का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। एक स्थान पर चोरों को आर्टिफिशियल गहने मिले, जिन्हें जांचने के बाद वे वहीं छोड़ गए।
बताया जा रहा है कि जिस मकान में चोरी हुई है, वहां कोई नहीं रहता और परिवार दिल्ली में रहता है। राम कुमार शर्मा के अनुसार, मकान से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसका सही पता मकान मालिक राजेश शर्मा के घर पहुंचने के बाद ही चल पाएगा।
मकान मालिक राजेश शर्मा ने चोरी की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करवा दी है। वहीं, राम कुमार शर्मा ने इस घटना की सूचना पंचायत प्रधान को भी दी। पंचायत प्रधान निर्मल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने मकान के प्रत्येक कमरे को खंगाला है। चोरी की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करवा दी गई है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें