समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लेकर संपन्न हुआ हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का दो दिवसीय राज्य स्तरीय कैडर कैंप
समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लेकर संपन्न हुआ हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का दो दिवसीय राज्य स्तरीय कैडर कैंप
सामाजिक न्याय, लैंगिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुआ मंथन, पांच जिलों के 60 प्रतिभागियों ने लिया भाग
नेरचौक : अजय सूर्या /
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से 18 और 19 नवंबर को साक्षरता भवन, सौली खड्ड मंडी में समता विषय पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कैडर कैंप का आयोजन किया गया। इसमें मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, बिलासपुर और शिमला जिलों से कुल 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कैंप का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक न्याय, लैंगिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करना तथा समिति के कार्यकर्ताओं को समतामूलक समाज के निर्माण के लिए वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करना रहा।
कैंप में अखिल भारतीय जन विज्ञान नेटवर्क की राष्ट्रीय महासचिव आशा मिश्रा, भारत ज्ञान विज्ञान समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष कोमल श्रीवास्तव, महासचिव ओम प्रकाश भूरेटा, राष्ट्रीय समता संयोजिका सुमित्रा चंदेल, हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य उपाध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण शर्मा, भीम सिंह तथा राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने मुख्य वक्ताओं एवं स्रोत व्यक्तियों के रूप में भाग लिया। दो दिवसीय शिविर का संचालन राज्य समता उपसमिति की संयोजिका सुनीता बिष्ट ने किया।विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने समता की अवधारणा, जातिगत भेदभाव, लैंगिक असमानता, महिला अधिकार, सामाजिक न्याय तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में समान अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन का महिलाओं के जीवन पर प्रभाव, भारत का भविष्य अभियान और युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलाए जा रहे युवा बचाओ अभियान में महिलाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समता का अर्थ केवल अवसरों की समानता नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और न्यायपूर्ण अवसर उपलब्ध करवाना भी है। सामाजिक भेदभाव, रूढ़िवादी सोच और असमानताओं को समाप्त करने के लिए सामाजिक संगठनों तथा जागरूक नागरिकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
कैंप के दौरान समूह चर्चा, संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक असमानता के विभिन्न पहलुओं को समझा। साथ ही समता के विचार को युवाओं, महिलाओं और वंचित समुदायों तक पहुंचाने के लिए समिति की भूमिका और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में समता, सामाजिक न्याय, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर एक न्यायपूर्ण, संवेदनशील और समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें