श्री बृजराज स्वामी मंदिर में अन्नकूट भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
श्री बृजराज स्वामी मंदिर में अन्नकूट भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश के नूरपुर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री बृजराज स्वामी मंदिर में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर कमेटी एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री बृजराज स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त किया।अन्नकूट के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा। स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इसके अतिरिक्त मंदिर में दर्शन के लिए बाहर से आने वाले भक्तों ने भी भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले मंदिर में भगवान श्री बृजराज स्वामी के समक्ष शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक 56 भोगो का भोजन प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्यों में भाग लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर आयोजित भंडारा धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का भी संदेश देता है।इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान देवेंद्र शर्मा सहित कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले स्थानीय श्रद्धालुओं और सेवा में जुटे लोगों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक सहयोग से संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर नूरपुर की धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें