बटुआ टयूबैल की खस्ताहालत से चार वार्डों में पेयजल संकट, तीसरे दिन मिल रही सप्लाई
बटुआ टयूबैल की खस्ताहालत से चार वार्डों में पेयजल संकट, तीसरे दिन मिल रही सप्लाई
पंचायत प्रधान ने विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जेई बोले- टयूबैल की मशीनरी के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ के अंतर्गत वटुआ टयूबैल की खस्ताहालत के चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के वार्ड नंबर 1, 7, 8 और 9 में लोगों को तीसरे दिन पानी की सप्लाई मिल रही है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पंचायत प्रधान निर्मल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर टयूबैल और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस टयूबैल से करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति होती है, लेकिन इसकी मशीनरी और अन्य व्यवस्थाएं बेहद खराब हालत में हैं। टयूबैल का स्टार्टर, एम्पियर मीटर, वोल्टेज मीटर और कैपेसिटर खराब हैं। पानी लिफ्ट करने वाले पंप भी सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। इसके चलते पानी का बड़ा हिस्सा पंप हाउस के अंदर ही व्यर्थ बह रहा है। वहीं, बिजली की केबल भी जगह-जगह से टूटी हुई है।
उन्होंने बताया कि ओवरहेड टैंक कई जगह से लीक हो रहा है तथा पाइप डालने के लिए बनाया गया छेद भी खुला पड़ा है, जिससे छोटे पक्षियों और छिपकली जैसे जीवों के अंदर प्रवेश करने की आशंका है। इसके अलावा पुराना भूमिगत टैंक जो बंद पड़ा है वह भी बिना ढक्कन के खुला पड़ा है। प्रधान ने कहा कि इन खामियों से पेयजल की स्वच्छता और लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। किसी अनहोनी की स्थिति में संबंधित विभाग जिम्मेदार होगा।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता निर्मल सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल की मशीनरी और अन्य उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर अवार्ड होते ही इस ट्यूबवेल को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करवाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि करीब एक महीने के भीतर टेंडर अवार्ड हो सकता है।
वहीं, पंचायत प्रधान निर्मल सिंह पठानिया ने बताया कि वह अपने निजी खर्चे से अब तक पंचायतवासियों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए करीब 18 पानी के टैंक दे चुके हैं, जिन पर लगभग 20 हजार रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत में पानी की समस्या बनी रहती है तो वह टैंकरों के माध्यम से भी लोगों तक पानी पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
पंचायत उपप्रधान तिलक राज शास्त्री ने भी ट्यूबवेल की खराब हालत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द इसकी मरम्मत करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को तीसरे दिन के बजाय प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें