राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन, पलक राणा और शगुन रहे प्रथम
राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन, पलक राणा और शगुन रहे प्रथम
पालमपुर, शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय, पालमपुर में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) द्वारा निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इन प्रतियोगिताओं में लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज सूद ने की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव हैं। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं लोकतांत्रिक दायित्व भी है। उन्होंने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने, मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी मतदान के महत्व का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
ईएलसी के नोडल अधिकारी प्रो. तरसेम कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित ज्ञान का प्रदर्शन किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्त्व’ एवं ‘मतदान का महत्त्व’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय वर्ष की पलक राणा ने प्रथम तथा अखिल कपूर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय वर्ष की शगुन प्रथम और अदिति द्वितीय स्थान पर रहीं। विशेष उपलब्धि यह रही कि इन चारों विद्यार्थियों का चयन आगामी विधानसभा क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिसमें वे महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर प्रो. धनवीर सिंह, प्रो. (डॉ.) दीप ठाकुर, प्रो. मयंक राणा, प्रो. नेमराज एवं प्रो. रविंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. पंकज सूद ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। ईएलसी के नोडल अधिकारी प्रो. तरसेम कुमार ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति प्रेरित किया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें