लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और दृढ़ संकल्प से आगे बढ़ें विद्यार्थी, सफलता अवश्य मिलेगी : विपिन सिंह परमार

 लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और दृढ़ संकल्प से आगे बढ़ें विद्यार्थी, सफलता अवश्य मिलेगी : विपिन सिंह परमार

भारत विकास परिषद की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से किया संवाद; अपनी माता स्व. स्वर्णलता परमार की स्मृति में शुरू की रनिंग ट्रॉफी, विजेता टीम को मिलेगी विशेष सम्मान।


पालमपुर

विद्यार्थियों के जीवन में सफलता का मार्ग केवल किताबी ज्ञान से नहीं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और संस्कारों से प्रशस्त होता है। यदि विद्यार्थी जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ उसे प्राप्त करने के लिए जुट जाएं तो कोई भी उपलब्धि उनकी पहुंच से बाहर नहीं है। यह बात सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने भारत विकास परिषद की भवारना शाखा द्वारा रेनबो वर्ल्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवारना में आयोजित शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही।

परमार ने कहा कि भारत विकास परिषद जिस उद्देश्य और भावना के साथ नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है, वह अत्यंत सराहनीय है। आज आवश्यकता इस बात की है कि आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ विद्यार्थी अपनी सभ्यता, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास को भी समझें। अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ युवा ही भविष्य में राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला बन सकता है।

उन्होंने डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव पर विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि इंटरनेट और मोबाइल जानकारी एवं ज्ञान प्राप्त करने के प्रभावशाली साधन हैं, लेकिन उनका उपयोग विवेक और आवश्यकता के अनुरूप होना चाहिए। विद्यार्थी मोबाइल और डिजिटल माध्यमों को अपनी पढ़ाई तथा ज्ञानवर्धन का साधन बनाएं, न कि अपने बहुमूल्य समय को नष्ट करने का माध्यम। उन्होंने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करें और उन्हें तकनीक के सही, सुरक्षित तथा सीमित उपयोग के प्रति जागरूक करें।

परमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार अथवा आजीविका अर्जित करना नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को ऐसा जिम्मेदार नागरिक बनाना भी होना चाहिए जिसमें राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदनाएं और संस्कार विद्यमान हों। शिक्षक और शिक्षण संस्थान इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। आज के विद्यार्थी ही कल देश की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे। इसलिए उनके भीतर ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना आवश्यक है।

माता स्व. स्वर्णलता परमार की स्मृति में शुरू की रनिंग ट्रॉफी

कार्यक्रम के दौरान विपिन सिंह परमार ने अपनी माता स्वर्गीय स्वर्णलता परमार की स्मृति में ‘भारत को जानो’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए विशेष रनिंग ट्रॉफी आरंभ करने की घोषणा की। यह ट्रॉफी प्रतियोगिता के प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को प्रदान की जाएगी और अगले वार्षिक आयोजन तक विजेता विद्यालय के पास रहेगी। इस पहल के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, ज्ञान और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ अपनी माता की स्मृति को भी एक सार्थक सामाजिक एवं शैक्षणिक प्रयास से जोड़ने का भावपूर्ण संदेश दिया।

प्रतियोगिता में क्षेत्र के आठ विद्यालयों के 32 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन राणा ने दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम गायन के साथ किया। इस अवसर पर डॉ. राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रेनबो वर्ल्ड स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. छवि कश्यप, प्रधानाचार्य मीनाक्षी कश्यप, उपप्रधानाचार्य सीमा शर्मा तथा प्रबंधक रवि जंबाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

भारत विकास परिषद की ओर से प्रदेश महासचिव अरुण गुरंग प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। प्रांतीय वित्त सचिव प्रदीप सूद तथा प्रांतीय संस्कार प्रमुख समीर अमिताभ ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

भारत विकास परिषद की भवारना शाखा के अध्यक्ष डॉ. रिपन सूद ने परिषद की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के पांच मूल सिद्धांतों पर कार्य कर रहा है। परिषद स्वस्थ, समर्थ और संस्कारित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

डॉ. रिपन सूद ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालय प्रबंधन, अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों और परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर परिषद की भवारना शाखा के प्रमुख सदस्य अधिराज सूद, सतिंदर सूद, देविंदर, कुलवीर कटोच, सुदेश भागड़ा, अनुज महाल, मनोज भागड़ा , विजय भागड़ा, ध्रुव पटियाल, पी.सी. राणा, राजेश धीमान, दिनेश तथा शशि मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

देहरा में स्कूटी चोरी का पर्दाफाश, रातभर जागकर ग्रामीणों ने की घेराबंदी, दो स्कूटियों के साथ तीन शातिर गिरफ्तार

बतराहन के वार्ड नंबर 6 को जाने वाली सड़क का काम शुरू, प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने विधायक भवानी सिंह पठानिया का जताया आभार

मात्र 6 घंटों के भीतर बच्चों को ढूंढ निकाला ज्वाली पुलिस ने, परिजनों ने किया धन्यवाद

बरोट पुल के समीप हुई बाईक व स्कूटी क़ी टक्कर,. बाईक चालक गंभीर घायल

बरोट पुल हादसे में घायल खैरियां के 23 वर्षीय अनीश ने तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भरमाड़ में अनियंत्रित होकर नाली में गिरी कार, एक व्यक्ति घायल

सात दिवसीय NSS विशेष शिविर के दूसरे दिन ‘व्यक्तित्व विकास में NSS की भूमिका’ पर विशेष सत्र आयोजित

शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुए धमेटा के अभिषेक ने पुलिस प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार, एक माह में कार्रवाई करने की मांग

सर्पदंश से बचाव और समय पर उपचार पर जोर, नूरपुर में सर्पा सहायकों’ का प्रशिक्षण आयोजित

CCTV कैमरे में कैद हुई हादसे की पूरी घटना, स्थानीय लोगों ने घायल को पहुंचाया निजी अस्पताल