गुरु पद्म संभव हॉली प्लेस की अब 27 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
गुरु पद्म संभव हॉली प्लेस की अब 27 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
तिब्बती गुफा में बुजुर्ग लामा महिला की मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला, 2-3 दिन में पूरा होगा कैमरे लगाने का कार्य
सवेरा न्यूज/अजय सूर्या नेरचौक । जिला मंडी की त्रिवेणी धर्मस्थली रिवालसर के सरकीधार स्थित प्रसिद्ध गुरु पद्म संभव हॉली प्लेस की सुरक्षा व्यवस्था अब और पुख्ता होने जा रही है। धार्मिक स्थल और इसके आसपास के क्षेत्र की निगरानी के लिए यहां 27 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। निर्वासित तिब्बत सरकार की ओर से लिए गए इस निर्णय के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को व्यापक किया जा रहा है।
नैना देवी मंदिर से करीब दो किलोमीटर पीछे स्थित सरकीधार की तिब्बती गुफा आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। यहां तिब्बती अनुयायियों के अलावा देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। गुफा में अनुयायियों और विदेशी पर्यटकों द्वारा ध्यान एवं मेडिटेशन किया जाता है। शांत वातावरण और धार्मिक महत्व के कारण यह स्थान लगातार पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
कुछ माह पूर्व इसी गुफा के अंदर एक बुजुर्ग लामा महिला की हत्या के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बढ़ी है। इसी के मद्देनजर अब धार्मिक स्थल के साथ-साथ आसपास के महत्वपूर्ण हिस्सों को भी सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य कर रहे वेंडर अमित ने बताया कि 27 कैमरे अलग-अलग स्थानों पर इस तरह लगाए जा रहे हैं कि क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण दिशा को कवर किया जा सके। कैमरों के लिए तारों की लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है और आगामी दो से तीन दिनों में कैमरे लगाने का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने के बाद धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा पर नजर रखना आसान होगा। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर उसकी पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
पूर्व एडिशनल कमिश्नर स्वयं राम ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक धार्मिक स्थल और मंदिर परिसर के आसपास सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने चाहिएं। इससे वहां होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा भी पुख्ता की जा सकती है।
रिवालसर झील के चारों ओर भी सीसीटीवी लगाने की मांग
वहीं, पद्म संभव निगमापा बुद्धिस्ट सोसायटी के प्रधान रमेश फारका ने प्रशासन से रिवालसर झील के चारों ओर भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रिवालसर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि झील क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झील की परिधि के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिएं। उनका कहना है कि गुरु पद्म संभव हॉली प्लेस की तर्ज पर रिवालसर झील क्षेत्र को भी आधुनिक निगरानी व्यवस्था से जोड़ने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
फोटो कैप्शन : रिवालसर झील का दृश्य

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें