आयुष मंत्री ने हारसी में 33 लाख रुपये की लागत से बने नए पंचायत भवन का किया लोकार्पण
आयुष मंत्री ने हारसी में 33 लाख रुपये की लागत से बने नए पंचायत भवन का किया लोकार्पण
मोलग-त्रिवेणी संपर्क मार्ग हेतु 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत
जयसिंहपुर
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि काथला में निर्माणाधीन बस अड्डा और बस डिपो के भवन का निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य पूरा होते ही इस भवन को जन-सुविधा हेतु समर्पित कर दिया जाएगा।
आयुष मंत्री आज हारसी पंचायत में 33 लाख रुपये की लागत से नव-निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
स्थानीय निवासियों को नए पंचायत भवन की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हारसी पंचायत भवन की प्रथम मंजिल के निर्माण हेतु 50 लाख रुपये अतिरिक्त व्यय किए जाएंगे, जिससे एक ही छत के नीचे सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में बस अड्डे की मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा , जिसके पश्चात 5 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही यहाँ डीजल बसों के लिए वर्कशॉप का निर्माण भी किया जाएगा।
क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे और खेल सुविधाओं का ज़िक्र करते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि हारसी मैदान में हाई मास्ट लाइट लगा दी गई है, जबकि सीढ़ियों व शेड निर्माण के लिए बजट जल्द स्वीकृत कर अगले वर्ष तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रस्तावित स्पोर्ट्स हॉस्टल की सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और शीघ्र ही कैबिनेट से इसकी स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मोलग-त्रिवेणी संपर्क सड़क निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर सिविल अस्पताल में 6 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है। अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है और ब्लड बैंक की सुविधा शुरू की जा रही है, तथा डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने की विभागीय प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डड़वाल, पंचायत समिति उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मोनू बनवाल, खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान प्रकाश चंद, उप प्रधान रमेश चंद राणा, जोन अध्यक्ष केसर कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें