बल्दोआ में पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर का जोरदार स्वागत, 2027 के चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बल्दोआ में पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर का जोरदार स्वागत, 2027 के चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलमालाओं से किया अभिनंदन; भाजपा की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान!
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
जवाली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर का बल्दोआ पंचायत में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलमालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान ‘अर्जुन ठाकुर जिंदाबाद’ के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
नवरात्र के पावन पर्व पर अष्टमी के दिन आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प जताया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर ने स्वागत के लिए पहुंचे लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के सत्ता में आने के बाद हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जवाली विधानसभा क्षेत्र में भी कई समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
कृषि, पशुपालन और सेंचुरी परियोजना का उठाया मुद्दा
अर्जुन ठाकुर ने क्षेत्र में कृषि एवं पशुपालन विभाग से जुड़ी सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए कृषि कार्यालय खोलने की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हुए हैं। उन्होंने खब्बल क्षेत्र में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में स्वीकृत सेंचुरी से संबंधित परियोजना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने इस परियोजना की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना का संचालन एक निजी संस्था के सहारे किया जा रहा है।
सड़कों और पेयजल व्यवस्था पर जताई चिंता
पूर्व विधायक ने जवाली विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि खराब सड़कों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कोटला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता इन मुद्दों पर आगामी विधानसभा चुनावों में अपना मत व्यक्त करेगी।
2027 के चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील
अर्जुन ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच सक्रिय रहने और क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बल्दोआ पंचायत में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर घरजरोट के प्रधान जीवन राणा, बल्दोआ पंचायत के उपप्रधान, बीडीसी चेयरमैन लकी सनोरिया, पूर्व बीडीसी सदस्य, पूर्व भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मधु बाला, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें