कोटली स्कूल में ‘युवा बचाओ अभियान’ के तहत नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य पर संवाद
कोटली स्कूल में ‘युवा बचाओ अभियान’ के तहत नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य पर संवाद
200 विद्यार्थियों ने लिया भाग, विशेषज्ञों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
अजय सूर्या मंडी 17 अक्टूबर। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली में ‘युवा बचाओ अभियान’ के तहत नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति की सचिव सुनीता बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानकर जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार अपनाने, जंक फूड से बचने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने नशे के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और चलचित्र के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की सदर खंड इकाई की सचिव विनय कुमारी ने समिति की पृष्ठभूमि और विभिन्न जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘युवा बचाओ अभियान’ के तहत शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ पंचायतों, महिला मंडलों और अभिभावकों के बीच भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
समिति से लंबे समय से जुड़े दया राम चौहान ने वीडियो के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव समझाए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने घर और आसपास नशे से प्रभावित लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर ने कहा कि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता समय की आवश्यकता है। युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचने के लिए ‘नाइस’ (NICE) फॉर्मूले की जानकारी देते हुए नशे को स्पष्ट रूप से ‘ना’ कहने, अपने निर्णय पर कायम रहने, नशे के प्रलोभन से ध्यान हटाकर दूसरे सकारात्मक विषयों पर ध्यान देने तथा नशा करने वाले माहौल से दूर रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में समिति की सदर इकाई के सदस्य रणजीत और अनीता सहित शिक्षक हुक्म चंद, द्रोपती तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें