कुल्लू में 'अर्ली इंटरवेंशन सेंटर का उद्घाटन संपन्न , विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जनता को समर्पित किया केंद्र
कुल्लू में 'अर्ली इंटरवेंशन सेंटर का उद्घाटन संपन्न
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जनता को समर्पित किया केंद्र
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कुल्लू द्वारा डिस्ट्रिक्ट डिसेबिलिटी रिहैबिलिटेशन सेंटर के तहत एक सराहनीय और ऐतिहासिक पहल करते हुए स्थापित किए गए 'अर्ली इंटरवेंशन सेंटर' का उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हो गया । इस नवनिर्मित अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक सुंदर सिंह ठाकुर द्वारा विधिवत रूप से रिबन काटकर कर किया गया।
मुख्य अतिथि सुंदर सिंह ठाकुर ने इस केंद्र की स्थापना के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कुल्लू की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह केंद्र विशेष आवश्यकताओं (दिव्यांगता) वाले बच्चों के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि बचपन के शुरुआती दौर में ही बच्चों की समस्याओं की सही पहचान और सही थेरेपी मिलने से उनका मानसिक व शारीरिक विकास बेहतर ढंग से हो पाता है। इस केंद्र के शुरू होने से अब स्थानीय परिवारों को अपने बच्चों के इलाज और थेरेपी के लिए जिला में और भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी , जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इस नवनिर्मित अर्ली इंटरवेंशन सेंटर में बच्चों के संपूर्ण व समावेशी विकास के लिए सभी आवश्यक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एक ही छत के नीचे आरम्भ कर दी गई हैं।
उन्होंने अर्ली इंटरवेंशन सेंटर' में दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया, जहां बच्चों को मिलने वाली विशेषज्ञ सेवाओं जैसे स्पीच थेरेपी, मानसिक व शारीरिक जांच के लिए असेसमेंट एंड काउंसलिंग, विशेष बच्चों की पढ़ाई के लिए स्पेशल एजुकेशन, शारीरिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी, मांसपेशियों की मजबूती हेतु फिजियोथेरेपी और खेल-खेल में मानसिक कौशल बढ़ाने के लिए प्ले थेरेपी की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।
इसके पश्चात उन्होंने 12 लाभार्थी दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किये जिनमें सुनने की मशीन, व्हील चेयर, वाकिंग स्टिक,कमर बेल्ट, नी-केप प्रदान किये गए ।
कार्यक्रम के समापन पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कुल्लू के सचिव चंद्रकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित आए हुए सभी प्रबुद्ध नागरिकों का इस पुनीत कार्य को प्रोत्साहित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ अमित कुमार शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर एवं उपाध्यक्ष शालिनी राय, सीएमओ डॉ रणजीत तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें