एशियन गेम्स कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी ने किया जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
एशियन गेम्स कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी ने किया जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में जिला स्तरीय गर्ल्स एंड बॉयज अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जापान में आयोजित 20वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली चंबा की धाविका सीमा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उनकी माता केसरी देवी और भाई राजकुमार भी मौजूद रहे।
समारोह में पहुंचने पर सीमा कुमारी का मिलेनियम गेट के समीप फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और आयोजकों ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि सीमा कुमारी ने पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को और आकर्षक बना दिया।
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में जिले के 98 स्कूलों के कुल 975 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 665 लड़के और 310 लड़कियां शामिल रहीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
सीमा कुमारी की मौजूदगी से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें