सिद्धपुर-घाड़ में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन
सिद्धपुर-घाड़ में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन
पंडित मुकेश शास्त्री ने सुनाए भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े प्रसंग, श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ स्थित जगत जननी महामाई मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन कथा वाचक पंडित मुकेश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण करवाया और भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
पंडित मुकेश शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की सही राह दिखाने वाली अमूल्य धरोहर है। इसके श्रवण और मनन से व्यक्ति को सत्य, धर्म, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के प्रति आस्था बनाए रखने, जरूरतमंदों की सेवा करने और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
सात दिनों तक चली इस कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनकी बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया। कथा के प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से प्रवचनों का श्रवण किया। इस दौरान भजनों और धार्मिक जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
कथा के सफल आयोजन में आयोजक नितिन शर्मा सहित सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजन में विशेष भूमिका निभाने और सहयोग देने के लिए नितिन शर्मा को सम्मानित किया गया। वहीं, श्रद्धालुओं ने कथा वाचक पंडित मुकेश शास्त्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सरल और प्रभावशाली प्रवचनों से सभी को धार्मिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें