सेवा ही संकल्प के तहत रिवालसर में स्वच्छता अभियान, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने दिया स्वच्छता का संदेश
सेवा ही संकल्प के तहत रिवालसर में स्वच्छता अभियान, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने दिया स्वच्छता का संदेश
रिवालसर : अजय सूर्या /
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत रिवालसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, महिलाओं और पुरुषों ने ऐतिहासिक रिवालसर गुरुद्वारा साहिब परिसर में सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गुरुद्वारा परिसर से सूखा और अन्य कचरा एकत्रित किया गया। इसके बाद पानी से परिसर की सफाई करने के साथ पोछा लगाकर स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया गया। इससे पहले कोयला माता मंदिर परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। मेले के क्षेत्र से कचरा हटाने के साथ ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। एकत्रित गीले और सूखे कचरे को क्षेत्र से बाहर ले जाकर उचित तरीके से निस्तारित किया गया।
इस अवसर पर विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रदेशवासियों को महात्मा गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज और स्वच्छ सोच का भी प्रतीक है। महात्मा गांधी का मानना था कि जब व्यक्ति मन से स्वच्छता को अपनाता है तो उसके विचारों में भी सकारात्मकता आती है।
विधायक ने भाजपा के सभी प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 17 अक्तूबर तक ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियों को और तेज किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें