मातृ-शिशु अस्पताल शुरू करने की मांग को लेकर अकिल बख्शी की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
मातृ-शिशु अस्पताल शुरू करने की मांग को लेकर अकिल बख्शी की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर अकिल बख्शी द्वारा नूरपुर अस्पताल परिसर में शुरू की गई शांतिपूर्ण भूख हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गई।
अकिल बख्शी ने बताया कि भूख हड़ताल के पहले दिन देर रात तक क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर उनका हाल जानने नहीं पहुंचा। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से कानून के तहत मेडिकल टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें शारीरिक कमजोरी के लक्षण पाए गए।
क्षेत्र के लोगों की ओर से भी मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग का समर्थन किया जा रहा है। अकिल बख्शी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मांग नहीं, बल्कि आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। सरकार को जनता की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि मातृ-शिशु अस्पताल समय पर शुरू होता है तो नूरपुर सहित आसपास की करीब पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिल सकता है। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
अकिल बख्शी ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगी। उनका उद्देश्य किसी को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से भी इस जनहित के मुद्दे पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना समर्थन जारी रखने की अपील की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें