केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं देश की स्वास्थ्य सेवाओं में ला रही बड़ा बदलाव : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता
केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं देश की स्वास्थ्य सेवाओं में ला रही बड़ा बदलाव : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता
पालमपुर में नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी के 38वें वार्षिक सम्मेलन में की शिरकत, हिमाचल में 320 अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटों के लिए 415 करोड़ रुपये के आवंटन को बताया महत्वपूर्ण कदम
दूरदराज क्षेत्रों में बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से किया आह्वान
पालमपुर,
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न स्वास्थ्य योजनाएं देश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रही हैं। आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की विभिन्न पहल स्वास्थ्य सुविधाओं को आम नागरिकों तक सुलभ और किफायती बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राज्यपाल बुधवार को पालमपुर में नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी (NZOS) के 38वें वार्षिक सम्मेलन एवं हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है। स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार, स्वास्थ्य बीमा का बढ़ता दायरा, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और डिजिटल तकनीक का समावेश इस बदलाव के प्रमुख आधार हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसी योजनाएं स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम योगदान दे रही हैं। 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में शामिल करना उनके स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिमाचल में 320 अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटों के लिए 415 करोड़ रुपये
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में 320 अतिरिक्त स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटें उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 415 करोड़ रुपये के आवंटन का स्वागत किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
सम्मेलन के आयोजन के लिए नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी, हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी और द पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन चिकित्सा क्षेत्र में वैज्ञानिक ज्ञान, अनुभव और नई तकनीकों के आदान-प्रदान का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
दूरदराज क्षेत्रों में नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने पर दिया जोर
राज्यपाल ने कहा कि आंखों की रोशनी की सुरक्षा और टाली जा सकने वाली दृष्टिहीनता की रोकथाम केवल चिकित्सकों की व्यावसायिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जांच तकनीकों, नई सर्जिकल प्रक्रियाओं, रेटिना उपचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों से नेत्र रोगों की समय रहते पहचान और उपचार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, लंबी दूरी, सीमित परिवहन सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में चुनौती पैदा करती हैं।
उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, निजी अस्पतालों, विशेषज्ञ चिकित्सा संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति या भौगोलिक परिस्थितियां गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए।
राज्यपाल ने सम्मेलन में भाग ले रहे नेत्र विशेषज्ञों और चिकित्सकों से हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक रणनीति तैयार करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बाहर से आए चिकित्सकों और प्रतिनिधियों से प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में जाकर शीश नवाने की अपील भी की।
डॉ. सुधीर सल्होत्रा बने नॉर्थ जोन सोसायटी के 38वें अध्यक्ष
इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. सुधीर सल्होत्रा को नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी के 38वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करवाया। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सूरत सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने NZOS जर्नल का विमोचन किया और हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी की वेबसाइट का लोकार्पण भी किया।
इससे पहले नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी के चेयरमैन डॉ. गौरव लूथरा और रोटरी आई फाउंडेशन पालमपुर के निदेशक डॉ. सुधीर मल्होत्रा ने राज्यपाल का स्वागत एवं सम्मान किया।
डॉ. सुधीर सल्होत्रा ने अपने संबोधन में नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी की भूमिका और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था ने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, चिकित्सकों के बीच सहयोग मजबूत करने और नई तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों के आदान-प्रदान के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करवाया है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. राम लाल शर्मा, पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन के चेयरमैन के.जी. बुटेल, सोसायटी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें