मुख्य बाजार में भी अतिक्रमण से व्यापारी और आम जनता परेशान
मुख्य बाजार में भी अतिक्रमण से व्यापारी और आम जनता परेशान
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
नगर परिषद अध्यक्ष भावना गुलाटी बोलीं—नहीं दी गई कोई परमिशन, E.O. राखी कौशल ने भी दिए कार्रवाई के संकेत; मुख्य बाजार में भी अतिक्रमण से व्यापारी और आम जनता परेशान
चंबा। जिला मुख्यालय चंबा के चौगान नंबर-2 में करवा चौथ के दौरान बिना अनुमति लगाई गई दुकानों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यहां कुछ दुकानदारों द्वारा खाद्य पदार्थों सहित अन्य सामग्री की बिक्री की जा रही है। इस मामले ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और शहर में नियमों के पालन को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
मामले को लेकर जब मीडिया ने नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष भावना गुलाटी से बातचीत की तो उन्होंने स्पष्ट किया कि चौगान नंबर-2 में किसी भी प्रकार की दुकान लगाने के लिए नगर परिषद की ओर से अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में कोई सूचना जारी नहीं की गई थी।
वहीं, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि मामला नगर परिषद के ध्यान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दुकानदारों ने बिना अनुमति दुकानें लगाई हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चौगान नंबर-2 में दुकानों के लगने से वहां लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी ओर, स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस तरह अस्थायी दुकानें लगने से उनके कारोबार पर असर पड़ सकता है। स्थानीय दुकानदारों की दुकानों पर ग्राहकों की कम आवाजाही भी देखने को मिल रही है।
चंबा के मुख्य बाजार में भी कई स्थानों पर दुकानों के आगे अस्थायी दुकानें लगाए जाने से रास्ते संकरे हो रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ आम लोगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा कुछ पैसे लेकर अपनी दुकानों के आगे अस्थाई रूप से दुकान लगाने की अनुमति दी है जिससे कि ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है और आम जनता को मुख्य बाजार में खरीदारी करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर खरीदारी के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा सड़क पर अपने वाहन को कुछ समय के लिए खड़ा किया जाता है तो स्थानीय पुलिस द्वारा व्यक्तिगत चालान कर दिया जाता है ऐसे में आम जनता कहीं ना कहीं ऐसी कशमकश से काफी परेशान है।
अब देखना होगा कि नगर परिषद चंबा इस मामले में क्या कदम उठाती है और बिना अनुमति लगाई गई दुकानों के खिलाफ कब तक कार्रवाई की जाती है। शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि नगर परिषद नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के साथ बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर भी प्रभावी कदम उठाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें