हिमाचल के छह मेडिकल कॉलेजों के लिए 320 पीजी सीटें और 415 करोड़ रुपये की मंजूरी ऐतिहासिक निर्णय : प्रवीन कुमार पूर्व विधायक
हिमाचल के छह मेडिकल कॉलेजों के लिए 320 पीजी सीटें और 415 करोड़ रुपये की मंजूरी ऐतिहासिक निर्णय : प्रवीन कुमार पूर्व विधायक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का जताया आभार, कहा—इस निर्णय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती।
हिमाचल प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों के लिए 320 स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों की स्वीकृति तथा इनके संचालन के लिए 415 करोड़ रुपये की मंजूरी को पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय करार दिया है।
प्रवीन कुमार ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि भारत सरकार ने प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने और उनके सुचारू संचालन के लिए इतनी बड़ी आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इस निर्णय से न केवल चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रदेश के प्रति विशेष योगदान सराहनीय है। एक छोटे से पहाड़ी राज्य की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना तथा प्रदेश के हित में इतनी बड़ी स्वीकृति प्राप्त होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पूर्व विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों का विस्तार होने से भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसका लाभ प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मिल मिलेगा। साथ ही, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल की क्षमता और प्रतिष्ठा को भी नई मजबूती मिलेगी।
प्रवीन कुमार ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के हित में उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति भी तहेदिल से आभार प्रकट किया और कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें