जयसिंहपुर में भाजपा ने बढ़ाया कुनबा, भुआणा पंचायत के एक दर्जन से अधिक लोग पार्टी में शामिल
जयसिंहपुर में भाजपा ने बढ़ाया कुनबा, भुआणा पंचायत के एक दर्जन से अधिक लोग पार्टी में शामिल
जांगल स्थित भाजपा कार्यालय में पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने पटका पहनाकर किया स्वागत, संगठन की मजबूती पर दिया जोर
लंबागांव (कांगड़ा)
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने अपना संगठनात्मक कुनबा बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। भुआणा पंचायत से संबंध रखने वाले शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित एक दर्जन से अधिक
लोगों ने रविवार को जांगल स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़े इन नए सदस्यों का जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में रंजीत शास्त्री, चैन सिंह, राज कुमार, सतीश कुमार, संतोष कुमार, आशीष और साहिल सहित एक दर्जन से लोग शामिल हुए । नए सदस्यों के पार्टी से जुड़ने को संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने नए सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। अनुभवी लोगों के संगठन से जुड़ने से न केवल संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलती है, बल्कि जनसेवा के कार्यों को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें