आईआईटी मंडी में एआईहैक 2026 शुरू, 200 प्रतिभागी दिखाएंगे डेटा एनालिटिक्स का कौशल
आईआईटी मंडी में एआईहैक 2026 शुरू, 200 प्रतिभागी दिखाएंगे डेटा एनालिटिक्स का कौशल
तीन दिवसीय हैकाथॉन में 2.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि, उपभोक्ता वित्त की चुनौतियों के समाधान पर होगा मंथन
मंडी : अजय सूर्या /
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और जापान की AIFUL कॉरपोरेशन के संयुक्त सहयोग से एआईहैक 2026 का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर तक आईआईटी मंडी के कमांद परिसर में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय हैकाथॉन में 200 प्रतिभागी हिस्सा लेकर उपभोक्ता वित्त क्षेत्र की वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान विकसित करेंगे। प्रतियोगिता के लिए 2.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
हैकाथॉन का मुख्य विषय ‘उपभोक्ता वित्त में प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स’ है। प्रतिभागी AIFUL कॉरपोरेशन द्वारा उपलब्ध करवाए गए वास्तविक डेटा सेट का उपयोग कर पूर्वानुमान आधारित मॉडल और व्यावहारिक समाधान तैयार करेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना और उनके तकनीकी एवं प्रबंधकीय कौशल को विकसित करना है।
आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मिधर बेहेरा ने कहा कि एआईहैक विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक समस्याओं पर काम करने और अंतरराष्ट्रीय उद्योग विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान करता है। वहीं, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष प्रो. अंजन के. स्वैन ने इसे प्रबंधन शिक्षा को व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख बनाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
आयोजन में जापान की AIFUL कॉरपोरेशन के डेटा एनालिटिक्स विशेषज्ञ भी भाग ले रहे हैं। इस पहल से भारत और जापान के बीच उद्योग एवं शिक्षा जगत के सहयोग, संयुक्त शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें