भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर तीखा हमला बोला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर तीखा हमला बोला। चंबा दौरे के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री अपने-अपने प्रत्याशी घोषित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुर्सी की जंग चल रही है और कांग्रेस बुरी तरह गुटबाजी में घिर चुकी है। हर्ष महाजन ने सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल की ट्रेजरी बंद है। केंद्र की मोदी सरकार विकास कार्यों के लिए दिल खोलकर पैसा दे रही है, लेकिन प्रदेश सरकार उस धन को खर्च नहीं कर पा रही। उन्होंने चंबा हेलिपैड का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए 13 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन करीब 11 करोड़ रुपये ही खर्च हो पाए। उन्होंने कहा कि वह चुपचाप अपना काम करते हैं और उसके परिणाम भी सामने आते हैं। महाजन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा आकांक्षी जिला चंबा के प्रभारी हैं। उनकी अगुवाई में जिले की कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए हजारों करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इस वर्ष पीएमजीएसवाई के तहत 550 करोड़ और पीडीएनए के तहत 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि चंबा-पांगी डिफेंस रोड का सर्वे इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य है। चंबा-चुवाड़ी टनल को लेकर उन्होंने कहा कि पहले हिमाचल सरकार को इस दिशा में हाथ-पांव मारने देते हैं, इसके बाद वह अपने स्तर पर प्रभावी पहल करेंगे। महाजन ने बताया कि चार दिवसीय चंबा दौरे के दौरान वह जिले के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाकर केंद्र सरकार की स्वीकृत विकास योजनाओं और बजट की जानकारी लोगों को देंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें