7 लाख ऐंठने के बाद दिखाई कोई और दुल्हन, विदा कर दी दूसरी दुल्हन
7 लाख ऐंठने के बाद दिखाई कोई और दुल्हन, विदा कर दी दूसरी दुल्हन
फर्जी शादी कराने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश; 7 लाख ऐंठने के बाद दिखाई कोई और, विदा कर दी दूसरी दुल्हन
भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में ठगी और धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के नाम पर एक युवक के साथ ऐसा फरेब किया गया कि दूल्हे के होश उड़ गए। शातिर गैंग ने पीड़ित से 7 लाख रुपये ऐंठे, शादी के लिए कोई और लड़की दिखाई और मंडप में किसी दूसरी युवती से फेरे करवा दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी दुल्हन समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला भरतपुर जिले के खोह थाना इलाके का है। हरियाणा के नांगल चौधरी निवासी फूलचंद गुर्जर ने 9 फरवरी को खोह थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित के अनुसार, खोह निवासी विजन गुर्जर, उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी करतार गुर्जर और दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी रवि धोबी ने मिलकर एक लड़की से शादी तय कराई थी। इस साजिश के तहत आरोपियों ने शादी की एवज में पीड़ित से 7 लाख रुपये वसूल लिए।
घूंघट उठते ही उड़ गए होश
आरोपियों ने तयशुदा लड़की के बजाय दूसरी युवती (जिसकी पहचान दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी नेहा के रूप में हुई है) से घूंघट की आड़ में पूरी शादी करवा दी। शादी के बाद जब दुल्हन विदा होकर युवक के साथ घर लौट रही थी, तो रास्ते में दूल्हे को दुल्हन पर शक हुआ।
दूल्हे ने जब शक होने पर दुल्हन का घूंघट उठाकर देखा, तो वह सदमे में आ गया क्योंकि वह वह लड़की नहीं थी जिसे शादी के लिए दिखाया गया था।
पैसे फेंककर दुल्हन को भगा ले गए दलाल
मामला खुलने के बाद जब दूल्हे और उसके परिजनों ने शादी कराने वाले दलालों से संपर्क किया, तो वे मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपियों ने ठगी की गई रकम में से कुछ आधे-अधूरी रुपये वहीं फेंक दिए और फर्जी दुल्हन नेहा को लेकर मौके से फरार हो गए। तब जाकर पीड़ितों को गहरी ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए खोह थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और छानबीन के बाद 14 फरवरी को फर्जी दुल्हन समेत सभी चारों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह एक संगठित गैंग है, जो भोले-भाले लोगों को फर्जी शादियों के जाल में फंसाकर लाखों रुपये ठगता है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें इस तरह के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें