चंबा में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 900 से अधिक विद्यार्थी ले रहे हिस्सा
चंबा में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 900 से अधिक विद्यार्थी ले रहे हिस्सा
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण कर चार दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
प्रतियोगिता में चंबा जिला के 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। ये गुण विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में मदद करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा न बनने देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मुकेश रेपसवाल ने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील भी की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि इनमें से कई प्रतिभाएं भविष्य में चंबा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले उप निदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने स्वागत संबोधन के दौरान प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें