नगरोटा सूरियां में बिजली व्यवस्था पर सवाल, जर्जर तारों को बदलने की मांग
नगरोटा सूरियां में बिजली व्यवस्था पर सवाल, जर्जर तारों को बदलने की मांग
नगरोटा सूरियां : शाम स्वरूप /
विद्युत उपमंडल नगरोटा सूरियां के तहत विभिन्न इलाकों में घरों और दुकानों को बिजली आपूर्ति करने वाली मीटर सर्विस वायरों की खस्ताहालत को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर बिजली की सर्विस वायर में लूज जॉइंट, खुले जोड़ और जगह-जगह से जोड़ी गई पुरानी तारें परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से इन तारों की मरम्मत करवाने के साथ-साथ जरूरत के अनुसार नई सर्विस वायर लगाने की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के कुछ स्थानों पर बिजली मीटर तक पहुंचने वाली सर्विस वायर काफी पुरानी हो चुकी हैं। इन तारों में कई जगह जोड़ लगाए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर जोड़ खुले और ढीले दिखाई देते हैं। इससे बिजली की लीकेज, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव तथा अन्य तकनीकी समस्याओं की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार घरों और दुकानों में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाती, जिससे बिजली से चलने वाले उपकरणों के संचालन में दिक्कत आती है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों को शिकायत करने पर कई बार तारों के जोड़ ठीक कर दिए जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए जहां सर्विस वायर अत्यधिक पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, वहां नई तारें बिछाना जरूरी है। केवल अस्थायी मरम्मत से समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो पा रहा है।
इलाके की जनता ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि सभी क्षेत्रों में मीटर सर्विस वायरों का निरीक्षण करवाया जाए। जहां तारें दयनिय हैं, अधिक जोड़ लगे हैं या खुले जोड़ मौजूद हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई वायर लगाकर सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें