पालमपुर को चार वर्षों में विकास की पटरी से उतारने वाले विधायक आज भाईचारे की दुहाई दे रहे हैं : त्रिलोक कपूर

 पालमपुर को चार वर्षों में विकास की पटरी से उतारने वाले विधायक आज भाईचारे की दुहाई दे रहे हैं : त्रिलोक कपूर


चिट्टा, भू-माफिया, कृषि विश्वविद्यालय की जमीन, नगरी में टीसीपी, व्यापारियों की बदहाली और बदहाल यातायात व्यवस्था पर विधायक जनता को दें जवाब: त्रिलोक कपूर


17 नवंबर को नगरी की जनता के साथ खड़े होने के बजाय उन्हें गुमराह करने में लगे हैं विधायक : कपूर



पालमपुर। भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने पालमपुर के विधायक के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के चार वर्षों के कुशासन ने पालमपुर को विकास की पटरी से पूरी तरह उतार दिया है। आज पालमपुर का व्यापारी परेशान है, कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, चिट्टे के बढ़ते कारोबार ने युवा पीढ़ी और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है, भू-माफिया के कारण जमीनों की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं और शहर की बदहाल सड़कें तथा यातायात व्यवस्था जनता की रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी हैं।


कपूर ने कहा कि चार वर्षों तक पालमपुर की इन समस्याओं पर ठोस जवाब न देने वाले विधायक आज भाईचारे की दुहाई देकर जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। यदि कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों और बड़े-बड़े वादों के सहारे जनता को गुमराह न किया होता तो शायद आज पालमपुर की स्थिति कुछ और होती। विधायक महोदय को भावनात्मक बयानबाजी करने के बजाय अपने चार वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए।


चिट्टे के मुद्दे पर विधायक की चुप्पी क्यों?


त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में चिट्टा तस्करों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विंद्रावन में विशेष पुलिस चौकी स्थापित की गई थी। विधायक महोदय जनता को बताएं कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इस विशेष पुलिस चौकी को हटाने की आवश्यकता क्यों पड़ी?


उन्होंने कहा कि पालमपुर के एक वरिष्ठ पत्रकार ने चिट्टे के कारोबार और विधायक के करीबी लोगों की दुकानों को किराये पर लेकर कोरियर के माध्यम से नशे के कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप सार्वजनिक किए थे। मैंने अगले ही दिन इस मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। विधायक महोदय को बताना चाहिए कि इन गंभीर आरोपों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है? नशे के खिलाफ लड़ाई में चुप्पी नहीं, स्पष्ट जवाब और कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।


कृषि विश्वविद्यालय की जमीन पर कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक जवाब दें


कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की गरिमा और भविष्य को भी संकट में डाल दिया है। जब विश्वविद्यालय की लगभग 3 हजार कनाल भूमि को बेचने का प्रयास किया जा रहा था, तब विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी, पालमपुर की जनता और यहां तक कि कांग्रेस सरकार के संबंधित मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने भी इस निर्णय का विरोध किया था। ऐसे समय में स्थानीय विधायक की भूमिका क्या थी? वे चुप क्यों रहे?


उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और जनता इस लड़ाई को माननीय उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक नहीं ले जाते तो विश्वविद्यालय की जमीन का क्या होता, यह किसी से छिपा नहीं है। उच्च न्यायालय द्वारा इस भूमि से संबंधित मामले में रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस सरकार सर्वोच्च न्यायालय पहुंची, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली।


उन्होंने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों से विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति नहीं है। 1 नवंबर 1978 को स्थापित इस प्रतिष्ठित संस्थान में प्रतिवर्ष 1 नवंबर को स्थापना दिवस मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है, लेकिन इस वर्ष यह परंपरा भी नहीं निभाई गई। क्या स्थानीय विधायक और कांग्रेस सरकार के लिए कृषि विश्वविद्यालय का इतना ही महत्व रह गया है?


नगरी जोन में टीसीपी थोपकर अब जनता को गुमराह कर रहे हैं विधायक


त्रिलोक कपूर ने कहा कि नगरी जोन के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता पर टीसीपी कानून थोपकर कांग्रेस सरकार ने हजारों परिवारों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। जब इस निर्णय की जानकारी जनता तक पहुंची थी, तब क्षेत्र के लोग स्थानीय कांग्रेस विधायक से मिले थे। उस समय विधायक ने आश्वासन दिया था कि उनकी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात हो गई है और यहां टीसीपी लागू नहीं होगा।


लेकिन 22 अगस्त 2024 को नगरी जोन के क्षेत्र को टीसीपी के दायरे में शामिल करने की अधिसूचना जारी कर दी गई। अब विधायक महोदय बताएं कि जनता को दिए गए आश्वासन का क्या हुआ? यदि टीसीपी लागू नहीं होना था तो अधिसूचना क्यों जारी हुई? और यदि लागू होना था तो जनता को पहले गुमराह क्यों किया गया?


कपूर ने कहा कि आज लगभग दो वर्ष दो महीने पच्चीस दिन बाद नगरी क्षेत्र की जनता राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर अपने अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ने के लिए 17 नवंबर को विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन करने जा रही है। जनता के इस आंदोलन से विधायक महोदय इतने असहज क्यों हैं?


उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि विधायक पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वविद्यालय में बुलाकर एसडीएम के माध्यम से केवल प्रशासनिक जानकारी दिलवाने के बजाय टीसीपी एक्ट और उसके निर्धारित बायलॉज के वास्तविक प्रावधानों की जानकारी देते। इससे भी बेहतर होता कि विधायक स्वयं 17 नवंबर को राजनीति से ऊपर उठकर नगरी की जनता के साथ खड़े होने का निर्णय लेते।


कपूर ने कहा कि विधायक महोदय यह भी बताएं कि नगरी क्षेत्र में जिया हाइडल प्रोजेक्ट, गोपालपुर चिड़ियाघर, गोपालपुर में लोक निर्माण विभाग का उपमंडल, चचियां उपतहसील, कुड्डन में गोसदन और पालमपुर में विकास खंड जैसी महत्वपूर्ण सौगातें भाजपा के प्रयासों से मिलीं। आखिर टीसीपी के अलावा कांग्रेस विधायक ने नगरी क्षेत्र को क्या दिया?


धर्मशाला में महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच हो


त्रिलोक कपूर ने कहा कि धर्मशाला में एक महिला द्वारा कंडी पंचायत में जमीन हड़पने, मारपीट और जान से खतरा होने संबंधी गंभीर आरोप सार्वजनिक किए गए हैं। मैं उस महिला को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता और न ही उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में कोई जानकारी रखता हूं। लेकिन जब एक महिला प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जमीन, सुरक्षा और जान के खतरे को लेकर गंभीर आरोप लगाती है तथा पालमपुर के पुलिस प्रशासन, वन विभाग और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है, तो विपक्ष का इस विषय को उठाना पूरी तरह स्वाभाविक और जिम्मेदाराना कदम है।


उन्होंने कहा कि जब श्री नैना देवी के विधायक एवं भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने इस मामले को उठाया तो विधायक महोदय को यह नागवार क्यों गुजरा? यह कोई सामान्य जमीन का विवाद नहीं, बल्कि लगभग 1287 कनाल भूमि और एक महिला की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।


कपूर ने कहा कि विधायक महोदय को भाजपा नेताओं पर सवाल उठाने के बजाय इन मूल प्रश्नों के जवाब देने चाहिए:


- यदि महिला के साथ मारपीट हुई है तो एफआईआर दर्ज करने में देरी क्यों हुई?

- यदि वन भूमि में पेड़ों की कटाई हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?

- यदि जमीन की डिमार्केशन की मांग की जा रही है तो प्रशासन को इसमें क्या परेशानी है?

- उदय सिंह भुल्लर कौन हैं और संबंधित स्थान पर उनकी भूमिका क्या थी?


उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब देना प्रशासन और सरकार की जिम्मेदारी है। महिला को न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


त्रिलोक कपूर ने कहा कि विधायक महोदय वर्ष 1915 में पिछड़े क्षेत्र में सड़क के प्रावधान की बात करते हैं। यदि उस समय सड़क की आवश्यकता और भविष्य की जरूरतों को समझा जा सकता था तो आज 111 वर्ष बाद पालमपुर शहर की यातायात व्यवस्था इतनी बदहाल क्यों है? शहर में फोरलेन तो दूर, मौजूदा सड़कों पर भी आए दिन जाम लगा रहता है। वाहन पार्क करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है। विधायक को ऐतिहासिक उदाहरण देने के बजाय पालमपुर की वर्तमान समस्याओं का समाधान करना चाहिए।


भाजपा में टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का लोकतांत्रिक अधिकार


कपूर ने कहा कि विधायक महोदय भाजपा के टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं के प्रति अनावश्यक हमदर्दी दिखा रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि भाजपा एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है। पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर निर्णय लेती है। भाजपा में कोई भी समर्पित कार्यकर्ता अपनी मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर आगे बढ़ सकता है।


इसके विपरीत कांग्रेस में परिवारवाद की राजनीति किसी से छिपी नहीं है। कपूर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में स्थानीय कांग्रेस विधायक के भतीजे श्री गोकुल बुटेल के पक्ष में टिकट का निर्णय होने के बावजूद विधायक ने उनका साथ नहीं दिया था। उस समय कांग्रेस प्रभारी श्री वीरेंद्र चौधरी के साथ रातोंरात क्या बातचीत और राजनीतिक समझौता हुआ था, यह पालमपुर की जनता जानती है।


कपूर ने कहा कि वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में भी श्री गोकुल बुटेल के कहने पर कांग्रेस की ओर से केवल एक पार्षद उम्मीदवार को टिकट दिए जाने और उसके बाद निर्दलीय उम्मीदवार खड़ा करने तथा उसका समर्थन करने के पीछे किसकी भूमिका थी, यह भी जनता से छिपा नहीं है।


कपूर ने कहा कि उस समय कांग्रेस से कुछ लोगों को निष्कासित किया गया था, लेकिन उनमें से विधायक के एक करीबी व्यक्ति को बाद में मनोनीत पार्षद किसने बनाया? विधायक महोदय को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता और संगठन सर्वोपरि हैं। हमारी पार्टी सामूहिक विचार-विमर्श और संगठनात्मक एकजुटता के आधार पर आगे बढ़ती है।


पंचायती राज चुनावों के परिणामों से कांग्रेस में बौखलाहट


त्रिलोक कपूर ने कहा कि विधायक महोदय की बेचैनी के पीछे पालमपुर में कांग्रेस का लगातार कमजोर होता जनाधार भी एक बड़ा कारण है। पंचायती राज चुनावों में जिला परिषद की दोनों सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हुई और पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।


उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में कथित वोट चोरी और फर्जी मतदान के आरोपों के कारण भाजपा को बहुत कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मामले को लेकर माननीय उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन है और हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है।


भाजपा नेता कपूर ने कहा कि पालमपुर शहर में वर्षों से लगभग पांच हजार फर्जी वोटों को लेकर भी गंभीर सवाल उठते रहे हैं। एसआईआर जैसी प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न रहे।


उन्होंने कहा कि सत्ता और धन-दौलत का अहंकार स्थायी नहीं होता। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पालमपुर की जनता कांग्रेस के चार वर्षों के कार्यकाल का पूरा हिसाब लेगी।


ब्लिंकिट के कारण परेशान व्यापारियों की पीड़ा भी सुनें विधायक


कपूर ने कहा कि पालमपुर के व्यापारियों की समस्याओं पर भी विधायक महोदय को जवाब देना चाहिए। जिस व्यापारी वर्ग ने चुनाव में कांग्रेस का साथ दिया था, आज वही व्यापारी अपने निर्णय पर पछता रहा है। ब्लिंकिट जैसी ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं के बढ़ते प्रभाव और स्थानीय व्यापारियों की चुनौतियों पर विधायक महोदय की क्या सोच है?


कपूर ने कहा कि छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों की समस्याओं का समाधान करना सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। चार वर्षों में व्यापारियों को राहत देने के बजाय उनकी चिंताएं बढ़ी हैं। विधायक को बताना चाहिए कि स्थानीय व्यापार को बचाने के लिए उन्होंने क्या ठोस कदम उठाए?


एआई के दुरुपयोग पर कार्रवाई में दोहरा मापदंड क्यों?


त्रिलोक कपूर ने कहा कि स्थानीय विधायक ने आरोप लगाया कि एआई के माध्यम से एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा विधायक के पैर छूने का फोटो किसी के द्वारा प्रसारित किया गया और उसपर उन्होंने  एफआईआर दर्ज करवाई, और तुरंत पुलिस द्वारा उस व्यक्ति का फोन जबत कर लिया गया लेकिन 8 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस युवा मोर्चा द्वारा एआई के माध्यम से शराब के साथ मेरा फर्जी फोटो बनाकर मेरी राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इस घटना को 36 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में पुलिस विभाग के द्वारा कोई करवाई सामने नहीं आई है।


उन्होंने सवाल किया कि क्या कानून और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई राजनीतिक व्यक्ति देखकर तय होगी? यदि किसी की छवि खराब करने के लिए एआई का दुरुपयोग अपराध है तो कार्रवाई सभी मामलों में समान रूप से होनी चाहिए।


कपूर ने कहा कि विधायक महोदय ने भाजपा युवा मोर्चा को जो धमकी दी है, उस पर भी उन्हें अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। इसके साथ ही नगर निगम में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित महापौर पद की सीट को एक्ट में संशोधन करके समाप्त किए जाने का विषय भी गंभीर है। इस पर भी विधायक जनता को जवाब दें।


विपक्ष का मुद्दा भाईचारा नहीं, विचारधारा और जनता के अधिकार हैं


त्रिलोक कपूर ने अंत में कहा कि मैं चुनाव हारा हूं, लेकिन पालमपुर के 26 हजार मतदाताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी से कभी पीछे नहीं हटा। चुनाव परिणाम किसी जनप्रतिनिधि की जनता के प्रति जिम्मेदारी समाप्त नहीं करते। मैं आज भी पालमपुर के प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे को पूरी मजबूती से उठा रहा हूं और आगे भी जनता की आवाज बनकर उठाता रहूंगा।


उन्होंने कहा कि विधायक महोदय को यह समझना चाहिए कि विपक्ष का काम सत्ता के साथ भाईचारा निभाना नहीं, बल्कि सत्ता से जनता के सवाल पूछना है। हमारा मुद्दा व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि विचारधारा, जनहित, विकास और जवाबदेही है। भाजपा की विचारधारा में राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंत में आता है।


कपूर ने कहा कि पालमपुर की जनता अब खोखले आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास, पारदर्शिता, जवाबदेही और अपने अधिकारों का सम्मान चाहती है। 17 नवंबर को नगरी में होने वाला जन आक्रोश प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और ग्रामीण क्षेत्रों पर थोपे गए टीसीपी कानून के विरोध में उठने वाली जन आवाज है।


17 नवंबर को नगरी की जनता बताएगी कि उसके अधिकारों और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली नीतियों को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

क्षेत्र में 6 दिन हुई भूख हड़ताल के समापन पर अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निदेशक राजेश सिंह पठानिया ने उठाए अनेको सवाल

सिद्धपुर-घाड़ पंचायत के कई वार्डों में पेयजल संकट, ग्रामीण परेशान

फतेहपुर: ऑर्डनरी कैप्टन रवि दत्त का सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, क्षेत्र में शोक की लहर

ज्वाली पुलिस ने भटके हुए हालात में मिली महिला को सुरक्षित परिजनों को सौंपा

गुरु पद्म संभव हॉली प्लेस की अब 27 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

जन्मदिन पर राकेश पठानिया के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, समर्थकों के जोश ने दिखाई राजनीतिक ताकत

रामानंद गोपाल रोटरी चिल्ड्रन होम सलियाणा में बाल दिवस एवं 31वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

जसूर में दिवाली पर अस्थायी दुकानों से 300 रुपये वसूली का मामला गरमाया, स्थानीय व्यापारियों में रोष

2 करोड़ की लागत से परगोड़ में स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण, चंगर क्षेत्र को 2.15 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा मासिक प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित