चिट्टा मुक्त हिमाचल और जनजातीय गौरव दिवस पर मंडी में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, 34 स्कूलों के 118 बच्चों ने लिया हिस्सा
चिट्टा मुक्त हिमाचल और जनजातीय गौरव दिवस पर मंडी में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, 34 स्कूलों के 118 बच्चों ने लिया हिस्सा
पोस्टर मेकिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्ति व जनजातीय गौरव का संदेश, आज्ञा, दिव्यांशी और औजस्वी ने मारी बाजी
मंडी : अजय सूर्या /
नशामुक्त हिमाचल का संकल्प और जनजातीय संस्कृति के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मंडी द्वारा इंदिरा मार्केट स्थित ओपन थिएटर में पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चिट्टा मुक्त हिमाचल और जनजातीय गौरव दिवस थीम पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के 34 स्कूलों के करीब 118 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में सामाजिक जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
नशे के खिलाफ पोस्टरों और नारों से दिया जागरूकता का संदेश
प्रतियोगिता के संयोजक जितेंद्र सैनी ने बताया कि चिट्टा मुक्त हिमाचल थीम पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आज्ञा ने प्रथम, प्रांशु ठाकुर ने द्वितीय तथा बलजीवत सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, इसी थीम पर आयोजित नारा लेखन प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने प्रथम, दर्पण ने द्वितीय और वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जनजातीय गौरव दिवस पर भी दिखाई रचनात्मकता
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इस प्रतियोगिता में औजस्वी ने प्रथम, शैलजा चंदेल ने द्वितीय तथा शगुन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
नशे से दूरी और विरासत के सम्मान का संदेश
इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान और जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से विद्यार्थियों को परिचित करवाना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए समाज को नशामुक्ति और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें