15 नवंबर को नूरपुर में राष्ट्रीय स्तरीय मैराथन, 600 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
15 नवंबर को नूरपुर में राष्ट्रीय स्तरीय मैराथन, 600 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
नशे के खिलाफ जागरूकता और सड़क सुरक्षा होगी मैराथन की मुख्य थीम, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया जाएगा संदेश
जसूर : राकेश शर्मा /
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2026 (रविवार) को सुबह 8 बजे बोध, नूरपुर में राष्ट्रीय स्तरीय जागरूकता मैराथन का आयोजन किया जाएगा। गैरी केयर्स फाउंडेशन एवं यूथ अगेंस्ट ड्रग्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस मैराथन में 600 से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
मैराथन की मुख्य थीम 'एक युद्ध नशे के विरोध' एवं 'सड़क सुरक्षा' रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
गैरी केयर्स फाउंडेशन के निदेशक अंकित वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना बेहद जरूरी है। संस्था का प्रयास है कि युवा खेल गतिविधियों से जुड़ें, नशे से दूर रहें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।
वहीं, यूथ अगेंस्ट ड्रग्स के अध्यक्ष रवि मेहरा ने कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक सामाजिक जागरूकता अभियान है। इसमें युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करेगी।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, शिक्षण संस्थानों, युवा मंडलों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों से इस राष्ट्रीय स्तरीय जागरूकता मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें